मुंबई लोकल से गिर कर 12वीं के छात्र सोहम कटरे की मौत (सोर्स: सोशल मीडिया)
12th Student soham kathare Death: मुंबई और आसपास के शहरों के लिए लाइफलाइन कही जाने वाली लोकल ट्रेनों में भीड़ से यात्रियों की लाइफ पर संकट बढ़ता जा रहा है। लोकल ट्रेनों से जुड़ी रोजाना किसी न किसी घटना के चलते शासन प्रशासन भी सकते में है। ऐसी ही एक दर्दनाक घटना मंगलवार को हुई। ठाणे जिले के डोंबिवली के सोहम सचिन कठरे नामक 18 साल के छात्र की मौत लोकल से गिरकर हो गई। सोहम 12 वीं कक्षा का छात्र था। वह मंगलवार को सवेरे लोकल ट्रेन से कलवा की तरफ आ रहा था।
बताया गया कि लोकल ट्रेन के दरवाजे के पास खड़ा था। भीड़ की वजह से उसका संतुलन बिगड़ गया और ट्रेन से बाहर आ गिरा। यह घटना कलवा मुंब्रा स्टेशन के बीच हुई। पुलिस के अनुसार ट्रेन से गिरते ही गंभीर रूप से घायल सोहम की मृत्यु हो गई।
मिली जानकारी के अनुसार मंगलवार को सोहम 12वीं परीक्षा का पहला पेपर देने निकला था। कठरे को कलवा के मनीषा नगर विद्यालय में परीक्षा देने आना था, लेकिन उसके पहले ही वह दुर्घटना का शिकार हो गया। इस घटना से सोहम के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
यह भी पढ़ें:- चंद्रपुर मेयर चुनाव में हो गया खेला! BJP ने ठाकरे से मिलाया हाथ, कांग्रेस सबसे बड़ी पार्टी फिर भी सत्ता से दूर
मुंबई लोकल में पिक आवर जानलेवा बनता जा रहा है। सुबह शाम होने वाली भारी भीड़ के चलते रोजाना कोई न कोई दुर्घटना होती रहती है। पिछले दिनों पिक अवर में सायन स्टेशन के पास लोकल में अत्यधिक भीड़ के चलते 3 यात्री नीचे गिर गए। पिछले शनिवार को सुबह फिर उपनगर के बदलापुर स्टेशन पर जल्दबाजी में लोकल ट्रेन पर चढ़ने के प्रयास कर रही एक महिला यात्री की गिरकर मौत हो गई। लोकल में भीड़ की वजह से यात्रियों के बीच वाद विवाद एवं मारपीट की घटनाएं भी लगतार बढ़ रहीं हैं। मंगलवार को हुई घटना के कारणों की जांच मध्य रेल प्रशासन कर रहा है।