ठाणे में मूसलाधार बारिश बनी आफत, 24वीं मंजिल से गिरा सीमेंट ब्लॉक, ट्रक पलटा, हुए कई हादसे, ट्रैफिक भी ठप
Monsoon Accidents In Thane: मीरा-भाईंदर में मूसलाधार बारिश से 24वीं मंजिल से सीमेंट ब्लॉक गिरने पर 4 लोग घायल हुए। पेड़ गिरने, ट्रक पलटने और जाम से शहरभर में अफरा-तफरी मच गई।
- Written By: आलोक उमाकृष्ण
मूसलाधार बारिश के कारण हो रहे हादसे (फोटो नवभारत)
Monsoon Accidents In Thane Heavy Rain: मीरा- भाईंदर शहर में सोमवार को लगातार हो रही मूसलाधार बारिश और तेज हवाओं ने जनजीवन पूरी तरह प्रभावित कर दिया। काशीमीरा में निर्माणाधीन इमारत की 24वीं मंजिल से सीमेंट पेवर ब्लॉक गिरने से चार लोग घायल हो गए। वहीं भाईंदर और घोड़बंदर क्षेत्र में पेड़ गिरने, ट्रक पलटने और ट्रैफिक जाम जैसी कई घटनाओं ने प्रशासन की चिंता बढ़ा दी।
सीमेंट ब्लॉक गिरने से घायल हो रहे लोग
काशीमीरा के मीरा गांवठन स्थित निर्माणाधीन विघ्नहर्ता बिल्डिंग की 24वीं मंजिल से तेज बारिश और हवाओं के बीच एक सीमेंट पेवर ब्लॉक नीचे गिरकर पास स्थित श्री हरिधाम वेलफेयर सोसायटी की चॉल की छत तोड़ते हुए घर के अंदर जा गिरा। उस समय घर के सदस्य सो रहे थे, जिससे उन्हें संभलने का मौका नहीं मिला।
हादसे में प्रियंका सतीश चौबे, सतीश चौबे, धर्मेंद्र सोनी और संतोष जाधव घायल हो गए। प्रियंका चौबे का इलाज ऑर्बिट हॉस्पिटल में, जबकि अन्य तीन घायलों का उपचार पंडित भीमसेन जोशी अस्पताल में चल रहा है। डॉक्टरों के अनुसार सभी की हालत फिलहाल स्थिर है।
सम्बंधित ख़बरें
मुंबई पर आफत का डबल अटैक, भारी बारिश के साथ तूफानी हवा, जर्जर इमारतों और वृक्षों से रहें दूर
और कितने दिन होगी भारी बारिश? मुंबई के लिए क्या है एडवाइजरी, क्या कहता है मौसम विभाग
बीमारी में भी काम करते दिखे एकनाथ शिंदे, हाथ में ड्रिप और सामने लैपटॉप, अस्पताल से सामने आई फोटो
पुणे प्रशासन की सख्त चेतावनी: रेड व ऑरेंज अलर्ट के दौरान पर्यटन स्थलों से दूर रहें रीलबाज
सुरक्षा व्यवस्था पर उठ रहे सवाल
घटना की सूचना मिलते ही काशीमीरा पुलिस, स्थानीय प्रशासन और संबंधित विभाग मौके पर पहुंचे तथा पंचनामा शुरू किया। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि तेज हवाओं और बारिश के कारण ऊपरी मंजिल पर रखा निर्माण सामग्री का ब्लॉक नीचे गिर गया। प्रशासन निर्माणाधीन इमारत की सुरक्षा व्यवस्था और बिल्डर की लापरवाही की जांच कर रहा है।
नागरिकों में आक्रोश
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने मानसून के दौरान ऊंची इमारतों में सुरक्षा मानकों की अनदेखी का आरोप लगाते हुए जिम्मेदार बिल्डर और अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। उनका कहना है कि ऐसी लापरवाही से आम नागरिकों की जान जोखिम में पड़ रही है।
गोडदेव गांव में पेड़ गिरने से स्टेशन रोड बंद
भाईंदर पूर्व में गोडदेव गांव के सामने मुख्य मार्ग पर एक विशाल पेड़ गिरने से स्टेशन जाने वाला रास्ता पूरी तरह बंद हो गया। इसके चलते लंबे समय तक वाहनों की कतारें लगी रहीं और लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। अग्निशमन दल द्वारा गिरे पेड़ को हटाने के बाद वाहनों का आवागमन पुनः शुरू हुआ।
घोड़बंदर रोड पर ट्रक पलटा
लगातार बारिश के बीच ठाणे-घोड़बंदर रोड पर एक आयशर ट्रक पलट गया। सड़क पर कई वाहन फंस गए। काशीमीरा ट्रैफिक पुलिस और काशीगांव पुलिस की टीम ट्रक हटाकर यातायात सामान्य करने में जुटी रही। काफी मशक्कत के बाद ट्रक को हटाने के बाद यातायात सामान्य हुई।
इंदिरा कॉम्प्लेक्स में पेड़ गिरा
भाईंदर पश्चिम के इंदिरा कॉम्प्लेक्स क्षेत्र में एक पुराना पेड़ गिरने से एक व्यक्ति और एक बच्चा घायल हो गए। दोनों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।
यह भी पढ़ेः- भारी बारिश के कारण मुंबई एयरपोर्ट पर उड़ानों का शेड्यूल बिगड़ा, एक घंटे रनवे बंद होने से हजारों यात्री परेशान
पाली गांव में घर पर गिरा इमली का पेड़
भाईंदर पश्चिम के पाली गांव में सूर्यनिकेतन हॉस्पिटल के सामने रहने वाली श्रीमती टेसी रॉकी पाटिल के घर के पास एक बड़ा इमली का पेड़ गिर गया। गनीमत रही कि समय रहते स्थिति संभाल ली गई, अन्यथा बड़ा जान-माल का नुकसान हो सकता था।
बारिश के बीच हुई इन लगातार घटनाओं ने शहर में भय और चिंता का माहौल बना दिया है। प्रशासन ने नागरिकों से अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलने तथा निर्माणाधीन इमारतों और पुराने पेड़ों के आसपास सावधानी बरतने की अपील की है।
