TET Paper Leak: परीक्षा से एक दिन पहले टीईटी पेपर लीक; भिवंडी पुलिस ने जाल बिछाकर 3 आरोपियों को दबोचा
Maharashtra TET Paper Leak: महाराष्ट्र शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET) का पेपर लीक होने के बाद 28 जून की परीक्षा रद्द, भिवंडी पुलिस ने 3 आरोपियों को किया गिरफ्तार।
- Written By: अनिल सिंह
TET पेपर लीक मामले भिवंडी पुलिस ने हिरासत में लिए 3 आरोपी (फोटो क्रेडिट-X)
Maharashtra TET Paper Leak Bhiwandi Police Action: महाराष्ट्र में सरकारी शिक्षक बनने का सपना देख रहे लाखों छात्र-छात्राओं को शनिवार को उस समय गहरा झटका लगा, जब रविवार (28 जून 2026) को होने वाली शिक्षक पात्रता परीक्षा का पेपर लीक होने की पुष्टि हो गई। इस महा-घोटाले की भनक लगते ही भिवंडी की कोनगांव पुलिस ने एक बेहद गोपनीय और त्वरित ऑपरेशन चलाकर पेपर लीक करने वाले अंतर-राज्यीय गिरोह के 3 मुख्य गुर्गों को हिरासत में ले लिया है।
इस बड़ी प्रशासनिक विफलता और कानून-व्यवस्था की चूक के बाद शिक्षा विभाग ने आनन-फानन में रविवार को होने वाली टीईटी परीक्षा को पूरी तरह से रद्द (Cancel) करने का आधिकारिक फैसला किया है, जिससे प्रदेश के अभ्यर्थियों में भारी आक्रोश है।
सहारा एयरपोर्ट घेरकर पकड़े गए तीन संदिग्ध
कोनगांव पुलिस प्रशासन को शनिवार सुबह एक बेहद पुख्ता और गुप्त सूचना मिली थी कि टीईटी परीक्षा के ओरिजिनल प्रश्नपत्र और आंसर-की के साथ कुछ संदिग्ध भिवंडी के कोनगांव स्थित ‘डायमंड होटल’ में ठहरे हुए हैं और वे परीक्षार्थियों से मोटी रकम वसूलने की फिराक में हैं।
सम्बंधित ख़बरें
हाई कोर्ट के आदेश पर ट्रांसफर तो हुआ, पर फंड पर लगा ‘ब्रेक’; काटोल संतरा प्रकल्प को अब भी 15 करोड़ का इंतजार!
नासिक सिटीलिंक बसों में ‘स्मार्ट टिकटिंग प्रणाली’ शुरू, क्यूआर कोड और एनसीएमसी कार्ड से मिलेगा कैशलेस सफर
नागपुर तो पीछे रह गया साहब! केंद्रीय मंत्री नायडू ने दिखाई हकीकत, कछुआ चाल से कब तक होगा विकास?
ऑपरेशन टाइगर की क्या जरूरत, जब नेता खुद आ रहे हैं? उदय सामंत का मविआ पर करारा तंज!
पुलिस की एक विशेष टीम ने तत्काल होटल डायमंड पर छापेमारी की, लेकिन आरोपी पुलिस के पहुंचने से कुछ ही मिनट पहले वहां से रफूचक्कर हो चुके थे। इसके बाद पुलिस ने टेक्निकल सर्विलांस और मोबाइल लोकेशन का पीछा करते हुए मुंबई के सहारा एयरपोर्ट इलाके की घेराबंदी की और तीनों आरोपियों को भागने से पहले ही धर दबोचा।
ये भी पढ़ें- ऑपरेशन टाइगर की क्या जरूरत, जब नेता खुद आ रहे हैं? उदय सामंत का मविआ पर करारा तंज!
आरोपियों के पास से मिले टीईटी परीक्षा के प्रश्नपत्र
सहारा एयरपोर्ट से हिरासत में लिए गए तीनों आरोपियों की जब भिवंडी पुलिस ने तलाशी ली, तो उनके पास से 28 जून को होने वाली परीक्षा के हूबहू प्रश्नपत्र और डिजिटल सबूत बरामद हुए हैं। पुलिस टीम तीनों आरोपियों को कड़ी सुरक्षा के बीच भिवंडी लेकर पहुंची है। इस रैकेट के वित्तीय लेन-देन और मुख्य सरगना का पता लगाने के लिए कोनगांव पुलिस स्टेशन में भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत एफआईआर (FIR) दर्ज करने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है। पुलिस सूत्रों का कहना है कि यह एक बहुत बड़ा रैकेट हो सकता है, जिसके तार सीधे शिक्षा विभाग के कुछ भ्रष्ट अधिकारियों से भी जुड़े होने की आशंका है।
शिक्षा विभाग जल्द घोषित करेगा नई तारीख
TET पेपर लीक कांड के सामने आने के बाद महाराष्ट्र परीक्षा परिषद और शिक्षा विभाग ने आपातकालीन बैठक बुलाई। परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए 28 जून को आयोजित होने वाली राज्यव्यापी परीक्षा को तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दिया गया है।
शिक्षा विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि परीक्षा की नई तारीखों का ऐलान बेहद जल्द किया जाएगा और अभ्यर्थियों को दोबारा परीक्षा के लिए कोई अतिरिक्त शुल्क नहीं देना होगा। हालांकि, इस फैसले से उन अभ्यर्थियों को तगड़ा झटका लगा है जो पिछले कई महीनों से दिन-रात इस परीक्षा के लिए कड़ी मेहनत कर रहे थे। विपक्षी दलों ने भी इस मुद्दे पर महायुती सरकार को घेरना शुरू कर दिया है।
