सचिन पोटे (सौ. सोशल मीडिया )
Thane Municipal Corporation Election: मनपा चुनाव के पहले कांग्रेस को एक के बाद एक झटका लग रहा है। हाल ही पार्टी के कई पदाधिकारियों ने भाजपा एवं शिवसेना का दामन थाम लिया था, अब कल्याण-डोंबिवली जिला कांग्रेस अध्यक्ष सचिन पोटे ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है।
पोटे के साथ कांग्रेस के कई ब्लॉक अध्यक्ष और जिला स्तर के पदाधिकारियों ने भी पार्टी को अलविदा कह दिया है। पोटे व उनके समर्थकों के इस्तीफा देने से कल्याण में पार्टी के अस्तित्व पर खतरा उत्पन्न हो गया है। हालांकि पोटे ने कहा है कि पार्टी की नीतियों के तहत ही उन्होंने अध्यक्ष पद से इस्तीफा दिया है।
दूसरी पार्टी में जाने का सवाल नहीं है लेकिन सूत्रों का कहना है कि वे जल्द ही भाजपा का भगवा ओढ़ सकते हैं, पोटे का भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष रविंद्र चव्हाण के साथ नजदीकी संबंध है। पिछले दिनों दोनों की मुलाकात भी हुई थी।
गौरतलब है कि इसके पहले अंबरनाथ एवं बदलापुर नगरपालिका चुनाव में नजरंदाज किए जाने से नाराज ठाणे ग्रामीण जिला कांग्रेस अध्यक्ष दयानंद चोरसे ने भी कुछ दिनों पहले कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष हर्ष वर्धन सपकाल पर भ्रष्टाचार का गंभीर आरोप लगाते हुए इस्तीफा दे दिया था।
इस्तीफा देने के बाद ‘नवभारत’ से बातचीत में सचिन पोटे ने कहा कि उनके ऊपर किसी प्रकार का राजनीतिक दबाव नहीं है। मध्य प्रदेश में हुए कांग्रेस के अधिवेशन में गाइडलाइन तथ की गयी थी। कोई भी 5 साल से अधिक समय तक जिला अध्यक्ष नहीं रह सकता है। मैं पिछले 11 वर्षों से इस पद पर कार्य कर रहा था। अब आगे बतौर सामान्य कार्यकर्ता सामाजिक और राजनीतिक कार्य करता रहूंगा।
कल्याण-डोंबिवली कांग्रेस अध्यक्ष सचिन पोटे के साथ ही संगठन की रीढ़ माने जाने वाले कई पदाधिकारियों ने भी पार्टी को राम राम कह दिया है। उनमें प्रमुख रूप से लिओ मेक्कनरॉय जिला उपाध्यक्ष, प्रवीण सालवे ब्लॉक अध्यक्ष, कल्याण पश्चिम्, शकील खान बलॉक अध्यक्ष, कल्याण पूर्व, शामराव यादव जिला सचिव, मनिषा सरजीने, अशोक कापडणे, संकेत लोके, सचिन भटेवरा, नावेद शेख, राकेश क्षीरसागर का नाम शामिल है।
सचिन पोटे के इस्तीफे के तुरंत बाद प्रदेश नेतृत्व ने राजाभाऊ पाटकर को कल्याण जिला कांग्रेस का नया अध्यक्ष बनाया है। पाटकर ने शीर्ष नेतृत्व व महाराष्ट्र प्रदेश अध्यक्ष को धन्यवाद दिया। राजाभाऊ पाटकर ने कहा कि कल्याण-डोंबिवली महानगरपालिका चुनाव में हम अच्छा प्रदर्शन करेंगे और हाथ के पंजे को घर घर पहुंचाने का हर संभव प्रथास रहेगा।
ये भी पढ़ें :- Pune-Pimpri Chinchwad में लाखों डुप्लीकेट वोटर, चुनाव प्रक्रिया पर उठे सवाल
पूर्व अध्यक्ष सचिन पोर्ट के राजीनामा पर कहा कि उन्होंने कल्याण में कांग्रेस पार्टी के लिए बहुत कुछ किया, उनको और उनके साथ पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को समझाकर साथ लेकर चलने को कहूंगा, हमारी जिम्मेदारी है कि पार्टी को बूथ लेवल तक मजबूत बनाना और केडीएमसी में ज्यादा से ज्यादा सीट बुनकर आए यही जमीनी स्तर पर कार्य होगा।