Thane: कलवा-मुंब्रा में आव्हाड के गढ़ में सेंध, शिंदे शिवसेना का दबदबा

Maharashtra Local Body Elections: कलवा-मुंब्रा मनपा चुनाव में विधायक जितेंद्र आव्हाड के गढ़ में बड़ी सेंध लगी है। शिंदे गुट की शिवसेना ने कलवा में बढ़त बनाई, जबकि मुंब्रा में AIMIM की पतंग ऊंची उड़ी।
Jitendra Awhad
जितेंद्र आव्हाड (सौजन्य-सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

Thane News In Hindi: राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव एवं विधायक जितेंद्र आव्हाड का गढ़ माने जाने वाले कलवा-मुंब्रा में इस बार के मनपा चुनाव में जबरदस्त सेंध लगी है। मिनी विधानसभा के चुनाव परिणामों ने आव्हाड की नींद उड़ा दी है।

आव्हाड के कलवा में जहां राज्य के उप मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना का परचम लहराया है। वहीं मुंब्रा में बड़ी संख्या में पतंग उड़ी है। कई इलाकों में घड़ी का जोर दिखाई दिया है। मनपा चुनाव परिणाम के बाद विधायक जितेंद्र आव्हाड किले को नए सिरे से सुदृढ़ करने की तयारी में जुट गए हैं।

मनपा चुनाव को लेकर डीसीएम एकनाथ शिंदे के सांसद पुत्र डॉ। श्रीकांत शिंदे पिछले काफी समय से तैयारी कर रहे थे। कलवा में विकास कार्यों के लिए सैकड़ों करोड़ रुपये की निधि उपलब्ध करायी गयी। जिसका फायदा इस चुनाव में देखने को मिला है।

कलवा और पारसिक इलाके के वार्ड नंबर 9, 23, 24 और 25 में शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना के उम्मीदवारों ने 16 में से 13 सीटें जीत ली हैं। इससे कलवा का राजनीतिक समीकरण पूरी तरह बदल गया है। उत्तर भारतीय बाहुल्य वाले इलाके में भी राकांपा (एसपी) के हिंदी भाषी उम्मीदवारों को मात खानी पड़ी है।

नतीजे ने राकांपा (SP) को चौंकाया

कलवा, खारेगांव और पारसिक नगर के चार वाडाँ के नतीजे राकांपा (एसपी) के लिए चौंकाने वाले रहे हैं। पार्टी को सिर्फ दो सीटों से ही संतोष करना पड़ा है। हालांकि एक सीट पार्टी समर्थित निर्दलीय उम्मीदवार के खाते में गई है। खारेगांव-पारसिक के वार्ड नंबर 9 में शिवसेना के तीन उम्मीदवारों ने जीत हासिल कर अपना दबदबा साबित किया, जबकि राकांपा (एसपी) के आव्हाड के निजी सचिव अभिजीत पवार ने शिवसेना के उम्मीदवार उमेश पवार को हराया। खास बात यह है कि यह जीत उनके लिए निजी तौर पर इसलिए भी अहम है क्योंकि अभिजीत पवार पहली बार चुनाव लड़ रहे थे और उन्होंने उमेश पवार को हराया, जो पिछले तीन चुनावों में इस इलाके से निर्वाचित हुए थे।

मुंब्रा इलाके में उड़ी ओवैसी की पतंग

वार्ड नंबर 24 में शिवसेना ने पूरे पैनल को जीता कर अपना दबदबा साबित किया। इस वार्ड में आरती गायकवाड, प्रियंका पाटिल, जितेंद्र पाटिल और संतोष तोडकर निर्वाचित हुए हैं। इसी तरह शिवसेना ने वार्ड नंबर 25 में भी तीन सीटें जीतीं है।

प्रकाश बर्डे की जीत से इस वार्ड में राकांपा (एसपी) का खाता खुल गया, लेकिन कुल मिलाकर नतीजा शिवसेना के पक्ष में ही गया। मुंब्रा में हैदराबाद के सांसद असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एमआईएम) की पतंग उड़ी है। पिछले चुनाव में एमआईएम के दो उम्मीदवार निर्वाचित हुए थे। इस बार प्रभाग क्रमांक 30 के सभी 4 उम्मीदवार सहित कुल 5 उम्मीदवार निर्वाचित हुए है।

एमआईएम को मिला का फायदा

प्रभाग क्रमांक 30 के पैनल में राकांपा एवं राकांपा (श।प) दोनों पार्टियों के साथ ही शिवसेना-भाजपा सहित अन्य उम्मीदवार मैदान में थे। मत विभाजन का फायदा एमआईएम को मिला। एमआईएम के नफीस अंसारी शहार शेख, सुल्ताना शेख एवं शोएब डोंगरे निर्वाचित हुए हैं। वार्ड 26 से एमआईएम के सैफ पठान चुनाव जीत गए हैं। मनपा चुनाव प्रचार के दौरान एमआईएम के नेता सीधे तौर पर विधायक जितेंद्र आव्हाड को सीधे चुनौती दी जा रही थी।

Navbharat Live
navbharatlive.com