Vishwanath Panvelkar Allegation (सोर्सः सोशल मीडिया)
Ambarnath News: अंबरनाथ के प्रसिद्ध व्यवसायी विश्वनाथ पनवेलकर ने मंगलवार की दोपहर एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के माध्यम से भाजपा विधायक किसन कथोरे पर सनसनीखेज आरोप लगाए है। कुख्यात गैंगस्टर एजाज लकड़ावाला द्वारा लिखे गए एक पत्र का हवाला देते हुए पनवेलकर ने दावा किया कि विधायक कथोरे ने लकड़ावाला को उनकी हत्या के लिए सुपारी दी थी।पनवेलकर का कहना है कि विधायक से उनकी जान को खतरा है।
मुंबई से प्रकाशित एक अखबार में प्रकाशित खबर का हवाला देते हुए उद्योगपति पनवेलकर ने कहा कि मुंबई की आर्थर रोड जेल में बंद एजाज लकड़ावाला ने बदलापुर पश्चिम पुलिस स्टेशन को लिखे एक पत्र में कहा है कि अनिल घोड़विंदे, मिरकुटे और उनके साथ के अन्य लोगों ने 2023 के अंत में मुंबई सत्र न्यायालय में सुनवाई के दौरान लकड़ावाला से मुलाकात की थी।
इन लोगों ने लकड़ावाला से विधायक किसन कथोरे से वीडियो कॉल पर बात भी करवाई थी। पत्र में दावा किया गया है कि विधायक कथोरे ने बदलापुर स्टेशन के पास की एक जमीन विवाद में विश्वनाथ पनवेलकर का काटा निकालने अर्थात हत्या करने की बात कही। गैंगस्टर लकड़ावाला ने पत्र में कहा कि उन्होंने यह काम करने से इनकार कर दिया और उन्हें भविष्य में इस तरह के काम के लिए न मिलने की नसीहत भी दी।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में बोलते हुए विश्वनाथ पनवेलकर ने आगे कहा कि उनकी जान को खतरा है। उन्होंने बताया कि दो साल पहले अंबरनाथ के हुतात्मा चौक के पास स्थित उनके कार्यालय पर दोपहिया वाहन से आए बदमाशों ने गोलीबारी की थी। इस घटना के बाद पुलिस आयुक्त और शिवाजीनगर पुलिस स्टेशन ने शिकायत दर्ज कराई और पुलिस सुरक्षा की मांग की है। हालांकि बार-बार अनुरोध करने और पुलिस प्रशासन द्वारा जवाब लेने के बावजूद, उन्हें अभी तक पुलिस सुरक्षा प्रदान नहीं की गई है।
विधायक किसन कथोरे द्वारा उद्योगपति पनवेलकर की हत्या की साजिश रचने के आरोप के चलते ठाणे जिले में सनसनी मच गई है। पनवेलकर ने अब इस मामले की गहन जांच और तत्काल सुरक्षा की मांग की है। शहर के पूर्व परिसर स्थित सीताई हॉल में पत्रकार वार्ता रखी गई थी।
पत्रकार वार्ता में पनवेलकर के वकील एडवोकेट अमित कारवां ने कहा कि उनके क्लाइंट पनवेलकर को यदि न्याय नहीं मिला तो वह हाई कोर्ट का सहारा लेंगे। एडवोकेट कारवां का कहना है कि स्थानीय पुलिस से लेकर गृहमंत्री, मुख्यमंत्री तथा प्रधानमंत्री कार्यालय तक शिकायत की गई है पर राजनीति दवाब के कारण स्थानीय पुलिस विधायक कथोरे के खिलाफ कोई एक्शन नहीं लेती है।
ये भी पढ़े: गैस वितरण व्यवस्था के खिलाफ भाजपा महिला आघाडी का विरोध, वाड़ी से उफन आ रहा आक्रोष
अंबरनाथ के उद्योगपति विश्वनाथ पनवेलकर द्वारा लगाए गए हत्या की सुपारी देने जैसे गंभीर आरोप के संदर्भ में जब ’नवभारत’ ने इस बारे में भाजपा विधायक किसन कथोरे से प्रतिक्रिया जाननी चाही तो विधायक कथोरे ने बातचीत में कहा कि उन्होंने अपने राजनीतिक जीवन में कभी भी गुंडागर्दी का समर्थन नहीं किया है और पनवेलकर ने मुझ पर जो आरोप लगाए है वह निराधार तथा झूठे है।
वही विधायक कथोरे ने कहा कि पनवेलकर पहले यह बताए कि वह किस जमीन की बात कर रहे है। मेरा किसी गैंगस्टर से कभी कोई संबंध नहीं रहा है, और न ही मैं किसी गैंगस्टर को जानता हूं। जनता के बीच मेरी क्या छबि है यह सभी जानते है में पांचवी बार विधायक बना हुं, मेरी राजनीतिक छवि को धूमिल करने का जानबूझकर प्रयास किया जा रहा है।