डकैती के 2 गिरोह पुलिस के हत्थे। (सौजन्यः सोशल मीडिया)
ठाणे: महाराष्ट्र के ठाणे शहर में एक विवाद के कारण 27 वर्षीय एक व्यक्ति की सरेआम चाकू घोंपकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। वरिष्ठ निरीक्षक राजकुमार वाकचौरे ने बताया कि पुलिस ने बृहस्पतिवार शाम ठाणे पश्चिम के लक्ष्मी चिराग नगर इलाके में हुई हत्या की वारदात के सिलसिले में दो लोगों को गिरफ्तार किया है, जबकि मुख्य आरोपी फरार है।
मृतक की पहचान दर्शन दीपक शिंदे के रूप में की गई है। घटना के वक्त दर्शन दीपक शिंदे इलाके में एक बेंच पर बैठा था, तभी 4 लोगों ने उसे घेर लिया और उनमें से एक ने उसका हाथ पकड़ लिया, जबकि दूसरे ने उस पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। अधिकारी ने बताया कि आरोपियों ने विक्रेताओं और आसपास के लोगों को भी धमकाया। उन्होंने बताया कि आरोपी क्षेत्र में अपना दबदबा दिखाना चाहते थे।
आरोपी आर्यन गढ़ीवाल (20), तुषार निरुखेकर (24), आकाश शिंदे (28) और ‘भाल’ (20) के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 103 (हत्या), 352 (शांति भंग करने के इरादे से जानबूझकर अपमान करना), 351 (आपराधिक धमकी) और अन्य संबंधित प्रावधानों के तहत मामला दर्ज किया गया है। उन्होंने बताया कि निरुखेकर और आकाश शिंदे को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि अन्य आरोपी फरार हैं और उनकी तलाश जारी है।
वहीं दूसरी घटना में झपटमारी, वाहन चोरी, डकैती और घरों में सेंध लगाकर चोरी करने वाले दो गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया गया और उनके पास से 36 लाख रुपये मूल्य का लूटा गया सामान बरामद किया गया है। ठाणे के एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। पुलिस उपायुक्त (अपराध) अमरसिंह जाधव ने संवाददाताओं को बताया कि गिरफ्तार किए गए लोग ठाणे और नवी मुंबई में सक्रिय ईरानी और शिकलीगर गिरोह से जुड़े हुए हैं। उन्होंने गिरफ्तार व्यक्तियों की पहचान दो भाई वसीम यूसुफ अली सैयद उर्फ वसीम काला (30) और कौसर यूसुफ अली जाफरी उर्फ बुशी (33) के रूप में की है।
दोनों ईरानी गिरोह के सदस्य हैं। गिरफ्तार किए गए अन्य 2 आरोपी युगल शिवसिंह अमरसिंह बावरी (25) और पूनमकौर अमरसिंह बावरी (37) हैं। दोनों शिकलीगर गिरोह का हिस्सा हैं। जाधव ने कहा कि उन्हें कल्याण की अपराध शाखा इकाई 3 ने गिरफ्तार किया है। उनकी गिरफ्तारी के साथ हमने 29 मामले सुलझा लिए हैं, जिनमें डकैती का एक मामला, झपटमारी के 20 मामले, मोटर वाहन चोरी 5 मामले और सेंधमारी ऐसे 3 मामले शामिल हैं। हमने सोना, दोपहिया वाहन और नकदी बरामद की है जिसकी कुल कीमत 36.29 लाख रुपए आंकी गई है।
(एजेंसी इनपुट के साथ)