छत्रपति संभाजीनगर में सनसनी: बॉडीगार्ड ने मालिक पर हत्या की साजिश और तांत्रिक अनुष्ठान के लगाए आरोप
Sambhajinagar Crime News: छत्रपति संभाजीनगर में भाइयों को फंसाने के लिए हत्या और तांत्रिक अनुष्ठान की साजिश रचने वाला अयूबखान पठाण गिरफ्तार। बॉडीगार्ड की शिकायत पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई।
- Written By: रूपम सिंह
कारोबारी गिरफ्तार (प्रतीकात्मक तस्वीर (सोर्स- सोशल मीडिया)
Sambhajinagar Plotting Dispute: छत्रपति संभाजीनगर शहर में प्लॉटिंग कारोबार से जुड़े विवाद ने उस समय सनसनी फैला दी, जब एक बॉडीगार्ड ने अपने ही मालिक पर चार चचेरे भाइयों को झूठे मामलों में फंसाने, तांत्रिक अनुष्ठान के जरिए उन्हें नुकसान पहुंचाने तथा एक महिला की हत्या कर उसका आरोप उन पर मढ़ने की साजिश रचने का आरोप लगाया। शिकायत के आधार पर सातारा पुलिस थाने में मामला दर्ज कर मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस अब मामले के दूसरे आरोपी और शिकायत में किए गए गंभीर आरोपों की जांच में जुटी है। सातारा थाने के पीआई कृष्णा शिंदे ने बताया कि, मुख्य आरोपी अयूबखान जब्बारखान पठाण, निवासी सिल्क मिल कॉलोनी, बीड बायपास रोड, को मामला दर्ज होने के तुरंत बाद गिरफ्तार कर लिया गया। उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से पुलिस हिरासत में भेज दिया गया। उसके एक कथित सहयोगी की तलाश जारी है।
सादातनगर क्षेत्र के 49 वर्षीय चालक ने शिकायत में बताया कि जनवरी 2026 में अयूबखान ने उसे प्रतिदिन दो हजार रुपये वेतन देने का आश्वासन देकर बॉडीगार्ड और चालक के रूप में काम पर रखा था। शुरुआत में उसका काम केवल वाहन चलाना और आरोपी के साथ रहना था। कुछ समय बाद आरोपी अपने चचेरे भाइयों अशपाक पटेल, फेरोज पटेल, अमजद पटेल और खालेद पटेल के प्रति लगातार दुश्मनी की बातें करने लगा और उन्हें ‘खत्म करने’ की योजना का जिक्र करता था।
सम्बंधित ख़बरें
मासूम की मौत पर सियासत का गंदा खेल, चेंबूर पेड़ हादसे पर BMC रिपोर्ट को लेकर प्रशासन और सत्ता पक्ष में घमासान
सरकारी बंगले पर महायुति में कलह: रायगढ़ बंगले पर BJP प्रदेश अध्यक्ष का कब्जा, सचिन अहीर को नहीं मिला आवास
छत्रपति संभाजीनगर की जलापूर्ति योजना को गति: CM फडणवीस ने बुलाई बैठक; दूसरे दिन भी टैंकर ठप रहने से हाहाकार
पंढरपुर मंदिर में VIP दर्शन पर बवाल! मंत्री गुलाबराव पाटिल के परिवार को एंट्री, सुधीर मुनगंटीवार को रोका
मादक पदार्थ रखने की बनाई थी योजना
शिकायतकर्ता का आरोप है कि अयूबखान ने उसे अशपाक पटेल के ज्योति बिल्डर्स कार्यालय में गांजा रखकर उन्हें छत्रपति संभाजीनगर पुलिस कार्रवाई में फंसाने का निर्देश दिया। उसने यह काम करने से मना कर दिया, जिससे आरोपी उससे नाराज हो गया।
तांत्रिक अनुष्ठान करने का भी किया प्लान
शिकायत में दावा किया गया है कि आरोपी उसे वालूज क्षेत्र के एक तांत्रिक के पास ले गया। बाद में पुणे रोड स्थित एक सुनसान स्थान पर बड़े पेड़ के नीचे कथित तांत्रिक अनुष्ठान किया गया। वहां चारों चचेरे भाइयों के पासपोर्ट आकार के फोटो पेड़ पर कीलों से ठोके गए और मंत्रोच्चार किया गया। शिकायतकर्ता का कहना है कि उसने इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो अपने मोबाइल में रिकॉर्ड किया है।
यह भी पढ़ें:- छत्रपति संभाजीनगर की जलापूर्ति योजना को गति: CM फडणवीस ने बुलाई बैठक; दूसरे दिन भी टैंकर ठप रहने से हाहाकार
शिकायतकर्ता के अनुसार, करीब दो महीने पहले लासूर क्षेत्र में जमीन देखने के दौरान आरोपी ने उससे कहा कि एक महिला की हत्या कर उसका आरोप अशपाक पटेल, फेरोज पटेल, अमजद पटेल और खालेद पटेल पर लगाने की तैयारी चल रही है। शिकायत में यह भी दावा किया गया है कि आरोपी ने इस उद्देश्य के लिए एक महिला की पहचान भी कर ली थी। शिकायतकर्ता का कहना है कि इन घटनाओं के बाद उसने नौकरी छोड़ने और बकाया वेतन मांगने की कोशिश की।
इस पर आरोपी ने वेतन देने से इनकार कर उसे झूठे मामले में फंसाने तथा तांत्रिक विद्या के जरिए नुकसान पहुंचाने की धमकी दी। भय के कारण वह कुछ समय तक काम करता रहा, लेकिन अंततः सातारा पुलिस थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने अयुबखान पठाण और एक तांत्रिक के विरुद्ध मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
