अटल सेतु से छलांग लगाने वाले पुणे के युवक का 3 दिन बाद भी सुराग नहीं; सर्च ऑपरेशन जारी
Atal Setu Suicide Case Pratik Raskar Missing: अटल सेतु से समुद्र में कूदने वाले पुणे के प्रतीक रासकर का 3 दिन बाद भी सुराग नहीं, उलवे पुलिस का सर्च ऑपरेशन जारी। परिवार की बढ़ी चिंता।
- Written By: अनिल सिंह
प्रतीक रासकर ने अटल सेतु से समुद्र में लगाई थी छलांग (फोटो क्रेडिट-X)
Atal Setu Suicide Case: नवी मुंबई और मुंबई को जोड़ने वाले अटल सेतु पुल पर रविवार की रात एक बार फिर एक जिंदगी का दर्दनाक अंत हो गया। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पुणे के शिरूर का रहने वाला प्रतीक सुभाष रासकर (28) रविवार की रात अपनी कार लेकर घर से निकला था। उसने अपने परिजनों से कहा था कि वह केवल बाहर खाना खाने के लिए जा रहा है। लेकिन कोई नहीं जानता था कि वह अपनी जीवनलीला समाप्त करने का मन बना चुका है। देर रात करीब 1:29 बजे वह अपनी कार चलाते हुए अटल सेतु पुल पर पहुंचा और गाड़ी रोककर सीधे गहरे समुद्र में छलांग लगा दी।
घटना की जानकारी मिलते ही प्रशासनिक अमले और सुरक्षा प्रणालियों में हड़कंप मच गया। घटना को 3 दिन हो गए हैं लेकिन अब तक प्रतीक का कोई सुराग नहीं मिला है। शव ना मिलने की वजह से परिवार उम्मीद में है कि शायद प्रतीक जिंदा हो लेकिन जैसे-जैसे वक्त बढ़ रहा है परिवार की हताशा बढ़ती जा रही है।
उलवे पुलिस का सर्च ऑपरेशन जारी, अभी तक नहीं मिला शव
अटल सेतु से समुद्र में कूदने की घटना की सूचना मिलते ही उलवे पुलिस स्टेशन की टीम तुरंत हरकत में आई और स्थानीय गोताखोरों व आपदा प्रबंधन की टीमों के साथ मिलकर रात में ही रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया। सोमवार और मंगलवार को दिनभर चले बेहद सघन सर्च ऑपरेशन के बावजूद तेज समुद्री लहरों और गहरे पानी के कारण युवक का कोई सुराग नहीं मिल सका है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पानी के तेज बहाव की वजह से शव के दूर बह जाने की आशंका है, इसलिए सर्चिंग का दायरा और अधिक बढ़ा दिया गया है।
सम्बंधित ख़बरें
विदर्भ में प्री-मानसून की दस्तक; अमरावती, चंद्रपुर और मारेगांव में आंधी-तूफान के साथ भारी बारिश से तबाही
गोंदिया जिले के 100 पुल खतरनाक स्थिति में, मरम्मत और नए निर्माण के लिए फंड का इंतजार
नागपुर में फुटपाथ घेरने वालों पर सख्ती, महल में मनपा का बुलडोजर एक्शन; 14 दुकानों के शेड हटाए
कुंभ की तैयारियों के बीच नंदिनी नदी पर संकट, राजेश पंडित ने प्रशासन की कार्यप्रणाली पर उठाए सवाल
ये भी पढ़ें- कैमरा जूम किया तो पेड़ पर लटका दिखा लड़के का शव, विरार की पहाड़ी पर वीडियो बना रहे शख्स के उड़े होश
सुसाइड की वजह अब भी रहस्य, हर एंगल से हो रही जांच
प्रतीक रासकर के इस आत्मघाती कदम के पीछे की असली वजह क्या थी, यह अभी तक पूरी तरह से रहस्य बना हुआ है। वह शेयर मार्केट की क्लासेस लेता था, इसलिए पुलिस इस वित्तीय कोण से भी जांच कर रही है कि कहीं उसे व्यापार में कोई बड़ा घाटा तो नहीं हुआ था या वह किसी मानसिक तनाव से गुजर रहा था। पुलिस ने प्रतीक के मोबाइल फोन के कॉल रिकॉर्ड्स, उसकी कार की तलाशी और घटना से पहले के उसके सीसीटीवी फुटेज को खंगालना शुरू कर दिया है ताकि इस खौफनाक कदम की कड़ियों को जोड़ा जा सके।
पुलिस ने जारी किया हुलिया, नागरिकों से सहयोग की अपील
परिजनों की बढ़ती बेचैनी के बीच उलवे पुलिस ने लापता प्रतीक का हुलिया जारी किया है ताकि तटीय इलाकों के लोग या मछुआरे कोई भी सुराग मिलने पर तुरंत जानकारी दे सकें। जारी विवरण के अनुसार, प्रतीक का रंग गोरा, कद लगभग 5 फीट 10 इंच, शरीर मजबूत, बाल और आंखें काली हैं, और चेहरे पर थोड़ी बढ़ी हुई दाढ़ी-मूंछ है। घटना के समय उसने सफेद रंग की शर्ट और ग्रे रंग की पैंट पहन रखी थी। पुलिस ने अपील की है कि यदि किसी भी नागरिक को समुद्र किनारे या आसपास इसके संबंध में कोई भी जानकारी मिले, तो वे तुरंत पुलिस को सूचित करें।
