अजित पवार प्लेन क्रैश: रोहित पवार की सोशल मीडिया पोस्ट से मचा हड़कंप, VSR के मालिक को लेकर किया सनसनीखेज दावा

Ajit Pawar Plane Crash: रोहित पवार ने अजित पवार से जुड़े विमान हादसे पर गंभीर सवाल उठाते हुए VSR एविएशन के मालिक और महाराष्ट्र के एक दिग्गज नेता के बीच संदिग्ध रिश्तों का दावा कर हलचल मचा दी है।
Rohit Pawar Social Media Post On Ajit Pawar plane crash
अजित पवार विमान हादसा (सोर्स: सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Rohit Pawar Social Media Post: महाराष्ट्र की राजनीति में एक बार फिर विमान हादसे के बहाने आरोपों के तीर चलने शुरू हो गए हैं। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के विधायक रोहित पवार ने पूर्व उपमुख्यमंत्री अजित पवार से जुड़े विमान हादसे के मामले में सनसनीखेज दावे किए हैं। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' पर एक पोस्ट के जरिए राज्य सरकार को कटघरे में खड़ा करते हुए मामले की CBI जांच की मांग की है। उनकी पोस्ट के बाद राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है।

रोहित पवार का VSR एविएशन के मालिक पर गंभीर आरोप

रोहित पवार ने दावा किया कि दिल्ली में एक समारोह से लौटते समय महाराष्ट्र के एक बड़े नेता ने VSR के विमान का उपयोग किया। उनके अनुसार, प्राइवेट चार्टर टर्मिनल पर वीएसआर के मालिक वीके सिंह स्वयं उस नेता के स्वागत के लिए मौजूद थे और उन्होंने नेता के निजी सहायक को कुछ दस्तावेज भी सौंपे।

शरद पवार गुट के विधायक रोहित पवार ने अपनी सोशल मीडिया पोस्ट में यह भी उल्लेख किया कि अजित पवार विमान हादसा में मृत पायलट कपूर का पुत्र उस विमान का पायलट था, जिसे लेकर उन्होंने संदेह जताया। उन्होंने कहा कि अजित पवार की मौत के मामले को हल्के में नहीं लिया जाना चाहिए। वीके सिंह का बचाव करने के बजाय इस पूरे मामले की गंभीरता से जांच होनी चाहिए। संबंधित विमान से यात्रा करने से भी बचना चाहिए।

केवल AAIB की रिपोर्ट का इंतजार करना चिंताजनक

रोहित पवार ने आगे आरोप लगाया कि वीके सिंह, जो पहले केवल विमान सेवा तक सीमित थे, अब आंध्र प्रदेश की तरह महाराष्ट्र में भी बड़े प्रोजेक्ट्स में मध्यस्थ की भूमिका निभा रहे हैं। यदि यह जानकारी सही है, तो यह राज्य सरकार की कार्यप्रणाली पर गंभीर प्रश्न खड़े करता है।

सत्तारूढ़ दल की भूमिका पर सवाल उठाते हुए रोहित पवार ने कहा कि इतने गंभीर आरोपों के बावजूद सरकार का केवल AAIB (एयरक्राफ्ट एक्सीडेंट इन्वेस्टिगेशन ब्यूरो) की रिपोर्ट का इंतजार करना चिंताजनक है। उन्होंने इस पूरे मामले की सीबीआई से विस्तृत जांच कराने की मांग की है। इस बयान के बाद राज्य की राजनीति में एक बार फिर आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज होने के संकेत हैं।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com