

Pune Wagholi PHN Technology Fire: पुणे के वाघोली स्थित पीएचएन टेक्नोलॉजी प्रा. लि. कंपनी में बुधवार रात भीषण आग लग गई। धुआं और लपटें दिखाई देने के बाद दमकल विभाग को सूचना दी गई।
पीएमआरडीए और मनपा की दमकल टीमों ने चार वाहनों की मदद से आग पर काबू पाया। हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन कंपनी को करोड़ों रुपए के नुकसान की आशंका है।
पुणे वाघोली के गट नंबर 497/498 स्थित पीएचएन टेक्नोलॉजी प्रा. लि. कंपनी में बुधवार रात भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। कंपनी से पहले धुआं और फिर आग की लपटें निकलती दिखाई दीं। स्थानीय नागरिकों ने तुरंत अग्निशमन विभाग को सूचना दी।
जानकारी मिलते ही वाघोली अग्निशमन केंद्र की दमकल गाड़ियां कुछ ही मिनटों में घटनास्थल पर पहुंच गईं। आग की तीव्रता को देखते हुए अतिरिक्त दमकल वाहनों को भी मौके पर बुलाया गया।
पुणे के वाघोली स्थित बुधवार रात करीब 9.30 बजे कंपनी से धुआं और आग की लपटें दिखाई देने लगी थीं। वाघोली केंद्र के साथ पुणे मनपा के खराड़ी केंद्र और पीएमआरडीए के नांदेड सिटी केंद्र से भी दमकल वाहन घटनास्थल पर भेजे गए।
आग की स्थिति को देखते हुए कुल चार दमकल वाहनों की मदद से कई दिशाओं से पानी की बौछार की गई। दमकल जवानों ने कुछ घंटों की मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पाया।
आग बुझाने के बाद दमकल टीम ने कूलिंग ऑपरेशन चलाया, ताकि अंदर मौजूद गर्म सामग्री से दोबारा आग न भड़के। अग्निशमन विभाग की टीम ने कंपनी के विभिन्न हिस्सों की जांच भी की।
राहत की बात रही कि इस हादसे में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई।
आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है। अग्निशमन विभाग के अनुसार पंचनामा और विस्तृत जांच के बाद ही आग लगने की वास्तविक वजह सामने आएगी। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार कंपनी को करोड़ों रुपए के नुकसान की आशंका है। नुकसान का वास्तविक आंकड़ा जांच पूरी होने के बाद स्पष्ट होगा।