प्रतीकात्मक तस्वीर (सोर्स: सोशल मीडिया)
Pune Property Tax News Update: पुणे महानगर पालिका की स्थायी समिति द्वारा पिछले सप्ताह आयोजित बैठक में प्रॉपर्टी टैक्स में पांच फीसदी की एकमुश्त वृद्धि का प्रस्ताव मंजूर किया गया है।
यह प्रस्ताव आगामी बुधवार, 18 फरवरी को होने वाली जनरल बॉडी में अंतिम निर्णय के लिए पेश किया जाएगा। पुणे महानगरपालिका में स्पष्ट बहुमत हासिल करने वाली भारतीय जनता पार्टी इस टैक्स वृद्धि के प्रस्ताव को स्वीकार करती है या इसे खारिज कर पुणे के नागरिकों को राहत देती है, इस पर पूरे शहर की निगाहें टिकी हुई हैं। यदि इस दिन कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया, तो पुणेवासियों पर 5 प्रतिशत की यह टैक्स वृद्धि स्वतः लागू होने की संभावना है।
प्रॉपर्टी टैक्स विभाग ने शुरुआत में वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए सीधे 10 प्रतिशत टैक्स वृद्धि का प्रस्ताव स्थायी समिति के समक्ष रखा था। लेकिन राजनीतिक दलों, नागरिक संगठनों और आम जनता के तीव्र विरोध के बाद इस प्रस्ताव को टालने की हलचल शुरू हुई।
नियमानुसार, यदि प्रशासन को किसी भी तरह की टैक्स वृद्धि लागू करनी है, तो 20 फरवरी से पहले जनरल बॉडी की मंजूरी लेना अनिवार्य है। चर्चा है कि इसी समय सीमा को ध्यान में रखते हुए 10 वापस लेकर बीच का रास्ता निकालते हुए 5 प्रतिशत की वृद्धि के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई है।
ये भी पढ़ें :- निगडी-चाकण मेट्रो DPR तैयार: 40 किमी कॉरिडोर में 32 स्टेशन, औद्योगिक क्षेत्र को मिलेगा बड़ा फायदा
प्रॉपर्टी टैक्स विभाग ने दस प्रतिशत टैक्स वृद्धि का प्रस्ताव दिया था। स्थायी समिति मे उस पर चर्चा होने के बाद 5 प्रतिशत कर वृद्धि को मंजूरी दी गई है। यह प्रस्ताव आगामी बुधवार को होने वाली जनरल बॉडी में अनुमोदन के लिए पेश किया जाएगा।
– रवि पवार, उपायुक्त, टैक्स कलेक्शन विभाग, पुणे मनपा