पुणे का नाईक बेट (सौ. सोशल मीडिया )
Pune Naik Bet Land Bond Controversy: संगमवाड़ी क्षेत्र स्थित नाईक बेट के 36 एकड़ भूखंड के अधिग्रहण को लेकर पुणे महानगर पालिका (पीएमसी) द्वारा प्रस्तावित 3 हजार करोड़ रुपये का ‘रिजर्वेशन क्रेडिट बॉन्ड’ विवादों की भेंट चढ़ गया है।
सोमवार को हुई मनपा की आमसभा में इस प्रस्ताव पर जमकर हंगामा हुआ, जिसके बाद प्रशासन को पीछे हटना पड़ा। जनप्रतिनिधियों के कड़े विरोध और तीखे सवालों के बीच सदन ने सर्वसम्मति से इस महत्वाकांक्षी लेकिन विवादास्पद प्रस्ताव को ‘दफ्तरी दाखिल’ यानी अनिश्चितकाल के लिए स्थगित करने का निर्णय लिया है।
विवाद की जड़ इस भूखंड की भौगोलिक स्थिति और उस पर थोपे गए आरक्षण में निहित है। विकास नियोजन (डीपी) के अनुसार, नाईक बेट की इस जमीन पर ‘उद्यान’ का आरक्षण है, लेकिन कड़वी सच्चाई यह है कि मानसून के दौरान यह पूरा क्षेत्र जलमग्न हो जाता है।
विपक्ष ने सदन में आरोप लगाया कि जो जमीन साल के कई महीने पानी में डूबी रहती है, वहां उद्यान विकसित करना व्यावहारिक रूप से नामुमकिन है। ऐसे में जनता के 3 हजार करोड़ रुपये के क्रेडिट बॉन्ड जारी करने का प्रस्ताव केवल एक विशेष बिल्डर को अनुचित लाभ पहुंचाने की कोशिश प्रतीत होती है।
ये भी पढ़ें :- सांसद वर्षा गायकवाड़ ने उठाया विस्थापन का मुद्दा, पुनर्वास से पहले तोड़फोड़ पर रोक की मांग