पुणे न्यूज (सौ. फाइल फोटो )
Pune Mutha River Cleanup Demand: शहर के मध्य से गुजरने वाली मुठा नदी के किनारों पर जमा कचरे को लेकर चिंता बढ़ती जा रही है। सामाजिक संस्था क्रिएटिव फाउंडेशन ने इस मुद्दे को उठाते हुए प्रशासन से त्वरित कार्रवाई की मांग की है।
संस्था के अध्यक्ष संदीप खर्डेकर ने महानगर पालिका आयुक्त नवल किशोर राम को ज्ञापन सौंपकर मानसून से पहले नदी की सफाई सुनिश्चित करने का आग्रह किया है।
ज्ञापन में बताया गया है कि डेंगले पुल से म्हात्रे पुल के बीच नदी किनारे भारी मात्रा में कचरा जमा है। यदि समय रहते इसे हटाया नहीं गया, तो बारिश के दौरान यह कचरा बहकर निचले इलाकों तक पहुंच सकता है, जिससे पर्यावरण और जलीय जीवन को नुकसान होगा।
संस्था ने यह भी उल्लेख किया कि पहले कवडी पाट क्षेत्र में कचरे के कारण प्रवासी पक्षियों की संख्या में कमी देखी गई थी। यह स्थिति पर्यावरणीय संतुलन के लिए गंभीर खतरा बन सकती है।
फाउंडेशन ने मेट्रो परियोजना से जुड़े निर्माण मलबे को नदी पात्र से तुरंत हटाने की मांग की है। उनका कहना है कि इससे जल प्रवाह बाधित हो रहा है और मानसून में जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो सकती है।
इसके अलावा, बाबा भिडे पुल के निर्माण में हो रही देरी पर भी नाराजगी जताई गई है। संस्था ने प्रशासन से कार्य की समयसीमा तय कर सार्वजनिक करने और यातायात बाधाओं को जल्द खत्म करने की मांग की है।
ये भी पढ़ें :- Pune में फेरीवालों का पुलिस वेरिफिकेशन अनिवार्य, QR कोड लाइसेंस से होगी पहचान
फाउंडेशन ने सुझाव दिया है कि प्रशासन मेट्रो अधिकारियों के साथ समन्वय बनाकर कार्यों में तेजी लाए, ताकि शहर को मानसून के दौरान संभावित समस्याओं से बचाया जा सके।