कल्याण डोंबिवली महानगरपालिका (सोर्स: सोशल मीडिया)
Kalyan KDMC Bribery Case: कल्याण डोंबिवली महानगरपालिका ने प्लास्टिक मुक्त अभियान में भ्रष्टाचार के मामले में सख्त कदम उठाते हुए दो महिला कर्मचारियों को बर्खास्त कर दिया है। यह कार्रवाई रिश्वत लेते हुए उनका वीडियो वायरल होने के बाद की गई।
यह मामला कल्याण पूर्व के हनुमान नगर स्थित ‘क्रिस बार एंड रेस्टोरेंट’ का है। एंटी-प्लास्टिक स्क्वॉड की टीम ने यहां छापेमारी की थी। प्लास्टिक मिलने पर पहले 5 हजार रुपये के जुर्माने की बात कही गई, लेकिन बाद में कार्रवाई रोकने के बदले 3 हजार रुपये की मांग की गई।
आखिरकार 2 हजार रुपये में ‘डील’ तय हुई और रिश्वत ली गई। यह पूरी घटना होटल के CCTV कैमरे और ऑडियो रिकॉर्डिंग में कैद हो गई, जो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद सामने आई।
इस घटना के बाद ‘प्लास्टिक मुक्त कल्याण’ अभियान की पारदर्शिता पर सवाल उठने लगे हैं। व्यापारियों और नागरिकों में यह चर्चा है कि क्या अब तक इसी तरह अवैध वसूली का खेल चल रहा था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए रामदास कोकरे, उपायुक्त (घनकचरा विभाग) ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दोनों कर्मचारियों की सेवाएं समाप्त करने का आदेश दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि भ्रष्टाचार किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
ये भी पढ़ें :- Ulhasnagar में फर्जी CBI अधिकारी बनकर ठगी, आरोपी गिरफ्तार, हथियार और नकली दस्तावेज बरामद
मनपा प्रशासन ने संबंधित होटल के खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई शुरू कर दी है। इस कार्रवाई से अन्य कर्मचारियों को सख्त संदेश गया है कि नियमों के उल्लंघन और भ्रष्टाचार पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।