पृथ्वीराज चव्हाण ने पुणे में भाजपा पर बोला जमकर हमला, कहा- प्रशांत जगताप कांग्रेस की वैचारिक निष्ठा का प्रतीक
Pune News: पुणे में कांग्रेस नेता पृथ्वीराज चव्हाण ने भाजपा पर 12 साल में जनता को ठगने का आरोप लगाया। उन्होंने पुणे महानगरपालिका चुनाव में भाजपा से जवाब मांगने की अपील की।
- Written By: आकाश मसने
जनसभा में मौजूद पृथ्वीराज चव्हाण व अन्य कांग्रेस नेता (सोर्स: सोशल मीडिया)
Prithviraj Chavan Statement: कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व मुख्यमंत्री पृथ्वीराज चव्हाण ने पुणे में कहा कि भाजपा ने बीते 12 वर्षों में जनता को ठगा है और नगर निगम चुनाव में जनता को भाजपा से जवाब मांगना चाहिए। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) से कांग्रेस में शामिल हुए पुणे के पूर्व महापौर प्रशांत जगताप को लेकर चव्हाण ने कहा कि जिस दल में पहले थे, उस दल की वैचारिक धारा में बदलाव दिखाई दिया। तभी उन्होंने पार्टी छोड़ने का निर्णय लिया। उस समय वे भाजपा में भी जा सकते थे, लेकिन अपने विचारों के प्रति ईमानदार रहते हुए उन्होंने कांग्रेस में आने का फैसला किया। उन्होंने विचारधारा की रक्षा करने का संकल्प लिया है और कांग्रेस को उनके रूप में एक निष्ठावान कार्यकर्ता मिला है।
पृथ्वीराज चव्हाण पुणे शहर के वानवडी-सालुंखे विहार, वार्ड क्रमांक 18 में कांग्रेस-शिवसेना (यूबीटी) गठबंधन के अधिकृत उम्मीदवार प्रशांत जगताप, रत्नप्रभा जगताप, एडवोकेट साहिल केदारी और शमिका जांभुलकर के प्रचार हेतु आयोजित सभा में बोल रहे थे।
चव्हाण ने वार्ड के कांग्रेस उम्मीदवारों में उच्च शिक्षा और अनुभव के संतुलन की ओर ध्यान दिलाते हुए कहा कि प्रशांत जगताप इस क्षेत्र से दो बार नगरसेवक रहे हैं और उन्होंने शहर के महापौर पद को भी सुशोभित किया है। उनकी माता रत्नप्रभा जगताप भी दो बार नगरसेवक रही हैं। साहिल केदारी और शमिका जांभुलकर दोनों उम्मीदवार उच्च शिक्षित हैं। चारों उम्मीदवार जनसेवा के लिए तत्पर हैं। इसलिए यदि इस वार्ड का समुचित विकास करना है, तो यहां की जनता को इन चारों उम्मीदवारों को चुनना चाहिए।
सम्बंधित ख़बरें
नासिक के मनमाड, देवला और पेठ निकाय उपचुनाव के लिए 20 जून को मतदान, चुनाव आयुक्त दिनेश वाघमारे ने की समीक्षा
नागपुर विधान परिषद चुनाव: 18 जून वोटिंग, उससे पहले मुंबई में भाजपा पार्षदों का अभ्यास वर्ग
नवभारत समिट 2026 में आज लगेगा दिग्गजों का महाकुंभ, मंत्री से लेकर उद्योगपति तक होंगे शामिल
विधान परिषद चुनावों का बजा बिगुल, अबकी बार स्थानीय गोंदियावासी को मिले अवसर
भाजपा ने जनता को केवल ठगा: चव्हाण
पृथ्वीराज चव्हाण ने भाजपा पर तीखा हमला करते हुए उन्होंने कहा कि पिछले 12 वर्षों से केंद्र और राज्य में भाजपा की सत्ता है। नगर निगम में भी भाजपा की सत्ता रही। इस अवधि में भाजपा ने जनता को केवल ठगा है। इसलिए नगर निगम चुनाव में जनता को इस धोखे के लिए भाजपा से सवाल पूछना चाहिए। कांग्रेस के शासनकाल में पुणे में विकास कार्य हुए। लेकिन पिछले 12 वर्षों में सत्ता में रहते हुए भाजपा ने पुणे में कौन-से विकास कार्य किए? भाजपा ने केवल भ्रष्टाचार किया है। सत्ता के बल पर उन्होंने बहुत नौटंकी की है।
प्रशांत जगताप ने भी महायुति पर बाेला हमला
प्रशांत जगताप ने भी भाजपा-महायुति के शासन पर प्रहार करते हुए कहा कि वानवडी क्षेत्र के नागरिकों ने 12 वर्षों में अलग-अलग सांसद, विधायक और मंत्री देखे हैं। उन्होंने क्या किया यह भी सबने देख लिया है। इस क्षेत्र के लिए उन्होंने कोई विकास नहीं किया। जबकि मैंने वानवडी में ई-लर्निंग स्कूल सहित बड़े पैमाने पर विकास कार्य किए हैं। भाजपा नेताओं द्वारा किए गए 15 करोड़ रुपये के काम गिनाकर बताएं मैं खुली चुनौती देता हूं। लेकिन उन्होंने यहां कोई काम किया ही नहीं। अपराधियों को संरक्षण देना यही उनका काम है।
यह भी पढ़ें:- Ladki Bahin Yojana: क्या मकर संक्रांति पर महिलाओं को मिलेंगे 3000 रुपए? जानें कौन है पात्र, कौन अपात्र
जगताप ने कहा कि देश की जनता ने नरेंद्र मोदी को देखकर मतदान किया, लेकिन जनता को क्या मिला? महंगाई, बेरोजगारी और अपराध इन सबमें ही वृद्धि हुई है। आज आम जनता त्रस्त है, लेकिन केंद्र और राज्य सरकार का ध्यान केवल भ्रष्टाचार पर है। देवेंद्र फडणवीस, अजित पवार, एकनाथ शिंदे आपके-हमारे घरों में डकैती डाल रहे हैं। जिन्होंने चोरियां और डकैतियां कीं, उन्हीं को भाजपा ने उम्मीदवार बनाया है। हमारी लड़ाई इन चोरी करने वालों के खिलाफ है।
प्रशांत जगताप ने पूर्व मंत्री बालासाहेब शिवरकर पर भी तंज कसते हुए कहा कि आजादनगर बस्ती पर आरक्षण थोपने वालों के खिलाफ हमारी लड़ाई है। इन सबके खिलाफ लड़ने वाले प्रशांत जगताप को आप वोट देंगे या अब तक आप पर अन्याय करने वाले नेता के बेटे को यह निर्णय आपको करना है।
