पुणे माइग्रेंट वर्कर मर्डर केस (सौ. डिजाइन फोटो )
Pune Migrant Worker Murder Case: महाराष्ट्र के पुणे में पश्चिम बंगाल के एक 24 वर्षीय प्रवासी मजदूर की हत्या के बाद राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। इस घटना को लेकर अलग-अलग दावे सामने आ रहे हैं, जिससे मामला संवेदनशील बन गया है।
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने आरोप लगाया कि पुरुलिया के रहने वाले सुखेन महतो की हत्या महाराष्ट्र में बांग्ला भाषा बोलने के कारण की गई। उन्होंने इस घटना को घृणा अपराध करार देते हुए दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। मुख्यमंत्री ने कहा कि मृतक अपने परिवार का एकमात्र कमाने वाला सदस्य था और इस तरह की घटनाएं समाज में बढ़ती नफरत का परिणाम हैं।
दूसरी ओर पुणे ग्रामीण पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में मामला नशे की हालत में हुए आपसी विवाद से जुड़ा प्रतीत होता है। पुलिस के अनुसार दो लोगों के साथ बहस के बाद युवक पर हमला किया गया, जिससे उसकी मौत हो गई। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि फिलहाल किसी अन्य एंगल की पुष्टि नहीं हुई है।
ये भी पढ़ें :- रोहित पवार का बड़ा दावा, अजित पवार विमान हादसे से पहले करोड़ों के कॉन्ट्रैक्ट को लेकर हुआ था विवाद
पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश के लिए छापेमारी की जा रही है। वहीं घटना को लेकर राजनीतिक प्रतिक्रियाओं और पुलिस जांच के बीच सच्चाई सामने आने का इंतजार किया जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना के पीछे की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।