अस्पताल के भोजन की जांच करते हुए विधायक पठान (सौजन्य-नवभारत)
Sajid Khan Pathan MLA Akola: अकोला पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के कांग्रेसी विधायक साजिद खान पठान गुरुवार दोपहर बाद सर्वोपचर अस्पताल पहुंचे और अस्पताल में अनियमितताओं और अव्यवस्थाओं को लेकर गहरी नाराजी प्रकट की। उन्होंने अस्पताल प्रशासन के प्रति नाराजी प्रकट करते हुए तत्काल व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि, अस्पताल में शुरू कई अव्यवस्थाओं को सुधारा जा सकता है। उन्होंने अस्पताल के विभिन्न वार्डों का निरीक्षण किया। इसके पश्चात वहां के मरीजों को परसा जा रहा भोजन उन्होंने स्वयं जांचा, भोजन की गुणवत्ता बेहद खराब पाए जाने पर उन्होंने तीखीं प्रतिक्रिया प्रकट की।
उन्होंने कहा कि, इस तरह का खाना अस्पताल के मरीजों को दिया जाना बहुत ही शर्मनाक है। उन्होंने भोजन की गुणवत्ता तुरंत सुधारने की चेतावनी देते हुए भोजन की पूर्ति करने वाले ठेकेदारों पर तुरंत कार्रवाई की मांग भी की।
उन्होंने पत्रकारों से बातचीत करने हुए कहा कि, उनके निरीक्षण के दौरान उन्होंने देखा कि अस्पताल में वार्ड बॉय की बहुत कमी है। मरीजों को स्ट्रेचर पर ले जाने के लिए वॉर्ड बॉय उपलब्ध नहीं है। मजबूरन मरीजों के परिजन ही उन्हें एक वार्ड से दूसरे वार्ड तक ले जा रहे हैं। इस स्थिति पर भी उन्होंने गहरी नाराजी प्रकट की।
अस्पताल कर्मियों से चर्चा करते हुए विधायक पठान (सौजन्य-नवभारत)
उन्होंने कहा कि यदि व्यवस्था में शीघ्र सुधार नहीं हुआ तो अस्पताल प्रशासन को गंभीर परिणाम भुगतने होंगे। उन्होंने कहा कि, अस्पताल के कर्मचारियों के व्यवहार रोगियों के साथ बिलकुल ठीक नहीं हैं। आए दिन उनकी शिकायतें आती हैं। उन्होंने कहा कि, अस्पताल हमारी जनता की सेवा के लिए हैं न कि उन्हें परेशान करने के लिए।
विधायक साजिद खान पठान ने कहा कि, अस्पताल के कई ठेके राज्य के एक मंत्री के दामाद को दिए जाने की चर्चा है। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि, इसी कारण अस्पताल का प्रशासन चरमरा गया है। ठेकेदारों पर अस्पताल प्रशासन का नियंत्रण नहीं है। अस्पताल में दी जानेवाली सेवाओं के हाल बेहाल हो रहे हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि विधान सभा के आगामी अधिवेशन में इस मुद्दे को लेकर सरकार से जवाब मांगा जाएगा।
यह भी पढ़ें – कोश्यारी हमें होशियारी न सिखाएं…संजय राउत का पूर्व राज्यपाल पर सीधा हमला; बोले- पहले धोती पहनना तो सीखो!
संपूर्ण जीएमसी और अस्पताल का निरीक्षण करने के बाद उन्होंने वहां आयोजित बैठक में अस्पताल प्रशासन की समस्याएं भी सुनी। उन्होंने कहा कि, अस्पताल के रिक्त पदों को भरने के लिए सरकार के पास आवाज बुलंद की जाएगी, इसी तरह जन स्वास्थ्य से जुड़े इस मुद्दे को वह विधान सभा सत्र में मजबूती से उठाएंगे। इस अवसर पर कांग्रेसी नेता कपिल रावदेव, तश्वर पटेल, मोहम्मद यूसुफ, महेंद्र गवई, सैयद शहजाद, मोइन खान, मोहम्मद इरफान आदि प्रमुखता से उपस्थित थे।