पुणे में 83 किमी लंबी इनर रिंग रोड की तैयारी तेज, PMC ने DPR के लिए टेंडर बुलाए; जमीन अधिग्रहण शुरू

Pune Inner Ring Road Project: पुणे में 83.12 किमी लंबे इनर रिंग रोड का काम तेज हो गया है। PMRDA के बाद अब पुणे मनपा ने भी डीपीआर के लिए सलाहकार नियुक्त करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
Pune Inner Ring Road Project
पुणे इनर रिंग रोडप्रतीकात्मक तस्वीर, सोर्स: AI
Published on: 
Updated on: 

Highlights

  • पुणे में बनेगा 83.12 किमी लंबे इनर रिंग रोड

  • 11 सुरंगें, 17 बड़े पुल और 2 रेलवे ओवरब्रिज बनेंगे

  • पुणे मनपा ने ने DPR के लिए टेंडर बुलाए

  • नासिक, सतारा, सोलापुर और अहिल्यानगर की कनेक्टिविटी होगी बेहतर

Pune Inner Ring Road Update: पुणे शहर और आसपास के इलाकों में लगातार बढ़ रहे ट्रैफिक जाम से निजात दिलाने के लिए पुणे महानगर प्रदेश विकास प्राधिकरण (PMRDA) द्वारा इनर रिंग रोड का खाका तैयार कर भूमि अधिग्रहण शुरू कर दिया है। पुणे महानगरपालिका (PMC) ने अपनी सीमा में आने वाले इस मार्ग की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (DPR) और इंजीनियरिंग डिजाइन तैयार करने के लिए सलाहकार नियुक्त करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

PMC और PMRDA के क्षेत्र से होकर गुजरेगा इनर रिंग रोड

पुणे की भविष्य की यातायात व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए कुल 83.12 किलोमीटर लंबे और 65 मीटर चौड़े इस इनर रिंग रोड की योजना बनाई गई है। यह मार्ग PMC और PMRDA दोनों के कार्यक्षेत्र से होकर गुजरेगा।

मुख्यमंत्री की बैठक में हुआ था अहम फैसला

मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की अध्यक्षता में हुई एक उच्चस्तरीय बैठक में यह निर्णय लिया गया था कि पुणे महानगर प्रदेश विकास प्राधिकरण और पुणे महानगरपालिका अपनी-अपनी सीमा के भीतर इसकी योजना, भूमि अधिग्रहण और निर्माण कार्य करेगी। PMRDA पहले ही अपना DPR तैयार कर भूमि अधिग्रहण शुरू कर चुका है, और अब PMC ने भी टेंडर जारी कर प्री-टेंडर सलाहकार नियुक्त करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

अन्य प्रोजेक्ट्स के साथ तालमेल पर जोर

इस नियुक्ति के तहत पूरे मार्ग का भौगोलिक सर्वेक्षण, ट्रैफिक स्टडी, सड़क और यातायात योजना तथा एलिवेटेड रोड की संरचना तैयार की जाएगी। चूंकि यह रिंग रोड महामेट्रो, महाराष्ट्र राज्य बुनियादी ढांचा विकास निगम (MSIDC), रेलवे और भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) के मौजूदा व प्रस्तावित प्रोजेक्ट्स के करीब से गुजरेगा, इसलिए डिजाइन तैयार करते समय इस बात का विशेष ध्यान रखा जाएगा कि भविष्य में अन्य परियोजनाओं के काम में कोई बाधा न आए।

Pune Inner Ring Road Project
पुणे मनपा के 6 स्वास्थ्य केंद्रों का होगा कायाकल्प, 49.82 करोड़ खर्च; ICU और ऑपरेशन थिएटर की मिलेगी सुविधा

पुणे शहर के ट्रैफिक का दबाव होगा कम

वर्तमान में पुणे के बाहर से आने वाले वाहनों को शहर के भीड़भाड़ वाले रास्तों से होकर गुजरना पड़ता है, जिससे भयंकर जाम लगता है। इस इनर रिंग रोड के बनने से मुंबई-हैदराबाद और बेंगलुरु-मुंबई हाईवे के साथ-साथ नासिक, सतारा, सोलापुर और अहिल्यानगर से आने-जाने वाले वाहन शहर में प्रवेश किए बिना सीधे बाहर से निकल सकेंगे। इससे न केवल शहर के भीतर ट्रैफिक का दबाव कम होगा, बल्कि वाहनों की रफ्तार भी बढ़ेगी।

Pune Inner Ring Road Project
एक घंटे थमेगा पुणे! 3 दिसंबर को किताबों में खोएंगे शहरवासी, मेट्रो स्टेशनों पर भी होगा सामूहिक वाचन

प्रोजेक्ट की प्रमुख विशेषताएं और 7 चरण

इस 83.12 किमी लंबे पुणे इनर रिंग रोड प्रोजेक्ट में 2 रेलवे ओवरब्रिज, 11 सुरंगें, 17 बड़े पुल और 9 प्रमुख जंक्शन बनाए जाएंगे। इसे 7 चरणों में विभाजित किया गया है।

  • सोलू से वडगांव शिंदे - 4.70 किमी

  • नगर रोड से सोलापुर रोड - 12.29 किमी

  • सोलापुर रोड से सासवड रोड - 6.14 किमी

  • सासवड रोड से सतारा रोड - 14.57 किमी

  • सतारा रोड से पौड रोड - 12.40 किमी

  • पौड रोड से म्हालुंगे-नांदे रोड - 10.55 किमी

  • म्हालुंगे-नांदे रोड से परांदवाडी - 16.77 किमी

इनर रिंग रोड का प्रोजेक्ट डेवलपमेंट प्लान तैयार करने के लिए सलाहकार नियुक्त किया जा रहा है। इसके साथ ही पुणे मनपा की सीमा में भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया भी जारी है। हमारी योजना इसे जल्द से जल्द पूरा करने की है।

राजेश बनकर, मुख्य अभियंता, पुणे महानगरपालिका