पुणे निवासी सावधान! खड़कवासला बांध से छोड़ा गया 43,571 क्यूसेक पानी, मुथा नदी के तटवर्ती इलाकों में अलर्ट जारी

Pune Rain And Khadakwasla Dam News: महाराष्ट्र में पुणे के खड़कवासला बांध से 43,571 क्यूसेक पानी छोड़ा गया। पुणे में रेड अलर्ट जारी, मुथा नदी तट के निवासियों को चेतावनी।
Pune Rain Khadakwasla Dam Water Discharge
खड़कवासला बांध पुणे (फोटो क्रेडिट-X)
Published on
Updated on

Pune Rain Khadakwasla Dam Water Discharge: महाराष्ट्र की सांस्कृतिक राजधानी पुणे और इसके आसपास के इलाकों में भारी बारिश का कहर जारी है। मौसम विभाग (IMD) द्वारा पुणे जिले के लिए 'रेड अलर्ट' जारी किए जाने के बाद स्थिति को देखते हुए खड़कवासला बांध से मुथा नदी बेसिन में भारी मात्रा में पानी छोड़ा जा रहा है।

शुक्रवार दोपहर 3 बजे तक खड़कवासला बांध के स्पिलवे से जल निकासी को 35,574 क्यूसेक से बढ़ाकर 43,571 क्यूसेक कर दिया गया है। जलग्रहण क्षेत्रों और घाट इलाकों में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश को देखते हुए इस जल प्रवाह को चरणबद्ध तरीके से बढ़ाकर 45,000 क्यूसेक तक ले जाने की तैयारी है।

मुथा नदी बेसिन और निचले इलाकों में जलमग्न होने की आशंका

खड़कवासला बांध के पानी के भारी निर्वहन के कारण मुथा नदी के आसपास के निचले इलाकों, सड़कों और तटवर्ती इमारतों में पानी घुसने की आशंका काफी बढ़ गई है। जिला प्रशासन ने मुथा नदी के किनारे बसे सभी नागरिकों को सतर्क रहने और तुरंत सुरक्षात्मक उपाय करने के निर्देश दिए हैं।

प्रशासन ने नागरिकों से स्पष्ट अपील की है कि वे नदी के तल या उसके आसपास बिल्कुल न जाएं। नदी तल में रखे पानी के पंप, कृषि उपकरण, वाहन और मवेशियों को तुरंत सुरक्षित व ऊंचे स्थानों पर पहुंचा दिया जाए।

अगले 48 घंटे बेहद महत्वपूर्ण, प्रशासन हाई अलर्ट पर

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, पुणे शहर और जिले में अगले दो से चार दिनों तक भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना है, जिसमें अगले 48 घंटे बेहद महत्वपूर्ण बताए गए हैं। विशेषकर घाट क्षेत्रों में अत्यधिक बारिश की चेतावनी दी गई है।

पुणे नगर निगम (PMC), पुलिस विभाग, तहसीलदारों, ग्राम पंचायतों और आपदा प्रबंधन एजेंसियों को हाई अलर्ट पर रखा गया है। अधिकारियों को निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को सुरक्षित स्थानों पर स्थानांतरित करने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक निवारक उपाय करने का आदेश दिया गया है।

प्रशासन की चेतावनी: अफवाहों पर न करें यकीन

आपदा प्रबंधन विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि वे सोशल मीडिया पर फैलने वाली किसी भी अनसत्यापित खबर या अफवाह पर विश्वास न करें और केवल आधिकारिक प्रशासनिक चेतावनियों का ही पालन करें। पुणेवासियों को सलाह दी गई है कि बहुत जरूरी होने पर ही घरों से बाहर निकलें और छाता व रेनकोट हमेशा साथ रखें।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com