

Maharashtra Weather Today: महाराष्ट्र के निवासियों के लिए आने वाले 24 घंटे बेहद चुनौतीपूर्ण होने वाले हैं। IMD ने आज के लिए राज्य के विभिन्न हिस्सों में मूसलाधार बारिश का पूर्वानुमान जारी किया है। मानसून की इस सक्रियता का मुख्य कारण ओडिशा के ऊपर बना एक गहरा दबाव है, जो अब पश्चिम की ओर विदर्भ और छत्तीसगढ़ की तरफ बढ़ रहा है। इसके प्रभाव से मध्य महाराष्ट्र और विदर्भ में मानसून की गतिविधियां फिर से तेज हो गई हैं।
मौसम विभाग ने विदर्भ के तीन जिलों चंद्रपुर, गढ़चिरौली और गोंदिया के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। यहाँ 31 जुलाई तक अत्यंत भारी बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं की संभावना है। इसके साथ ही, जलगांव के लिए भी रेड अलर्ट की चेतावनी दी गई है।
ऑरेंज अलर्ट वाले जिलों में पालघर, नासिक, धुले, छत्रपति संभाजीनगर, जालना, अमरावती, वर्धा, नागपुर और भंडारा शामिल हैं। साथ ही, पुणे, कोल्हापुर और सतारा के घाट क्षेत्रों में भी भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है। प्रशासन ने इन क्षेत्रों में अचानक बाढ़ और लैंडस्लाईड के खतरे को देखते हुए नागरिकों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
मौसम विभाग ने विशेष रूप से विदर्भ के अकोला, बुलढाणा, अमरावती, वर्धा, नागपुर, भंडारा, चंद्रपुर, गढ़चिरौली और मध्य महाराष्ट्र के नंदुरबार, धुले, जलगांव, अहिल्यानगर, नासिक के जलग्रहण क्षेत्रों में मध्यम स्तर के फ्लैश फ्लड के जोखिम की चेतावनी दी है। निचले इलाकों में जलभराव और नदियों के जलस्तर में वृद्धि हो सकती है।