केतन अग्रवाल हत्याकांड में बड़ा मोड़! कोर्ट ने सिया गोयल और चेतन को भेजा जेल, पुलिस रिमांड की अर्जी खारिज

Ketan Agarwal Murder Case: पुणे के चर्चित केतन हत्याकांड में अदालत ने दोनों मुख्य आरोपियों, सिया गोयल और चेतन चौधरी, को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। पुलिस की रिमांड अर्जी खारिज हुई।
Ketan murder case Accused Siya Goyal and Chetan Chaudhary 14-day judicial custody
केतन हत्याकांड के आरोपी चेतन चौधरी व सिया गोयल (सोर्स: सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

Siya Goyal Chetan Chaudhary Judicial Custody: महाराष्ट्र के पुणे में हुए सनसनीखेज केतन अग्रवाल हत्याकांड मामले में स्थानीय अदालत ने एक बड़ा फैसला सुनाया है। कोर्ट ने मामले के दोनों मुख्य आरोपियों सिया गोयल और चेतन चौधरी को 14 दिनों की न्यायिक हिरासत (Judicial Custody) में भेजने का आदेश जारी किया है। इस फैसले के बाद अब दोनों आरोपियों को जेल की सलाखों के पीछे दिन काटने होंगे।

केतन अग्रवाल हत्याकांड में मुख्य आरोपी सिया गोयल और सह-आरोपी चेतन चौधरी को शुक्रवार को एक बार फिर वडगांव कोर्ट में पेश किया गया। क्योंकि दोनों की पुलिस रिमांड शुक्रवार को समाप्त हो गई थी। ऐसे में लोनावला ग्रामीण पुलिस कोर्ट से उनकी पुलिस रिमांड बढ़ाने की मांग की।

पुलिस ने मांगी थी 3 दिन की अतिरिक्त कस्टडी

केतन अग्रवाल हत्याकांड की जांच कर रही पुणे ग्रामीण पुलिस ने कोर्ट से दोनों आरोपियों की तीन दिन की अतिरिक्त पुलिस कस्टडी की मांग की थी। पुलिस का कहना था कि जांच के दौरान दोनों आरोपियों को आमने-सामने बैठाकर पूछताछ की जानी है। इसके अलावा, मामले से जुड़े कई चैट और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की रिकवरी और जांच करनी है। लेकिन कोर्ट ने पुलिस की अर्जी खारिज करते हुए दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

सिया गाेयल को घर ले गई थी पुलिस

केतन अग्रवाल मर्डर केस में पुलिस जांच लगातार आगे बढ़ रही है। 2 जुलाई को जांच के सिलसिले में पुलिस सिया गोयल को उसके घर लेकर गई थी। वहां से पुलिस ने सिया की एक पैंट जब्त की, जिसे जांच के लिए महत्वपूर्ण साक्ष्य माना जा रहा है। वहीं, गुरुवार को लोनावला ग्रामीण पुलिस ने सिया गोयल और चेतन चौधरी से कई घंटों तक गहन पूछताछ की।

क्राइम सीन रीक्रिएट किया गया

पुलिस के मुताबिक, अब तक की जांच में कई डिजिटल सबूत जुटाए जा चुके हैं। इसके अलावा, लोहगढ़ किले पर जिस जगह केतन अग्रवाल की हत्या हुई थी, वहां दोनों आरोपियों की मौजूदगी में पूरे घटनाक्रम का सीन रिक्रिएशन भी कराया गया है, ताकि वारदात की कड़ियों को विस्तार से समझा जा सके।

इससे पहले इस मामले में पुलिस ने एक और चौंकाने वाला खुलासा किया था। पूछताछ के दौरान सिया गोयल और चेतन चौधरी ने कथित तौर पर स्वीकार किया कि उन्होंने केतन की हत्या से पहले उसकी 'मर्डर रिहर्सल' की थी। पुलिस के अनुसार, दोनों पहले पुणे के लुल्ला नगर स्थित पहाड़ी इलाके, जो सैन्य (मिलिट्री) क्षेत्र के पास है, वहां पहुंचे और यह परखा कि किसी व्यक्ति को पहाड़ी से धक्का देने पर उसकी मौत हो सकती है या नहीं।

जांच में सामने आया कि इस कथित प्रैक्टिस के बाद दोनों ने अपनी साजिश को लोनावला के लोहगढ़ किले की पहाड़ी पर अंजाम दिय। केतन अग्रवाल को कथित तौर पर पहाड़ी से धक्का देकर मौत के घाट उतार दिया गया।

(एजेंसी इनपुट के साथ)

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com