

Ketan Agarwal Fiancee Siya Goyal Video Viral: महाराष्ट्र के बहुचर्चित केतन अग्रवाल मर्डर केस में हर दिन नए और चौंकाने वाले खुलासे हो रहे हैं। इस हाई-प्रोफाइल हत्याकांड में एक और बड़ा खुलासा हुआ है। मुख्य आरोपी सिया गोयल का एक पुराना वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। इस वीडियो के सामने आने के बाद जांच एजेंसियों के साथ-साथ आम जनता का ध्यान भी इस मामले पर दोबारा केंद्रित हो गया है।
केतन अग्रवाल की मंगेतर व हत्या की मुख्य आरोपी सिया गोयल का एक पुराना वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इस वीडियो में वह एक पब में फोन पर गाली-गलौज करती नजर आ रही है। इस वीडियो के सामने आने के बाद पूरे देश का ध्यान खींचने वाले इस हाई-प्रोफाइल मामले ने नया मोड़ ले लिया है।
माना जा रहा है कि यह वीडियो दिसंबर 2025 में रिकॉर्ड किया गया था। इसमें सिया एक नाइटक्लब के अंदर बीयर की बोतल जैसी चीज पकड़े हुए और फोन पर बात करती हुई दिखाई दे रही है। बातचीत के दौरान उसे अपशब्दों का इस्तेमाल करते हुए सुना जा सकता है। फिर वह है "पहले वह मुझे धोखा देता है, फिर मुझे फोन करता है।"
इस वीडियो के अलावा, सिया और सह-आरोपी चेतन चौधरी की कई पुरानी तस्वीरें और क्लिप भी सामने आई हैं। ऐसे ही एक वीडियो में दोनों को कथित अपराध से कुछ महीने पहले एक क्रिकेट लीग मैच में साथ देखा गया है। हालांकि, जांचकर्ताओं ने आधिकारिक तौर पर इन वीडियो का संबंध हत्या के मामले से नहीं जोड़ा है।
बता दें सिया गोयल पर अपने मंगेतर पुणे के 26 वर्षीय रियल एस्टेट कारोबारी केतन अग्रवाल की हत्या का आरोप है। 18 जून को पुणे जिले के लोहगढ़ किले पर केतन का एक चट्टान से धक्का दे दिया गया, जिससे उनकी मौत हो गई। केतन और सिया की सगाई हो चुकी थी और दोनों इसी साल नवंबर में शादी होने वाली थी।
पुणे ग्रामीण पुलिस के मुताबिक, सिया गोयल और चेतन चौधरी पर केतन अग्रवाल की हत्या करने का आरोप है। घटना के बाद दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया था। फिलहाल, दोनों 3 जुलाई तक पुलिस हिरासत में रहेंगे। पुलिस सबूत जुटाने और मामले के अलग-अलग पहलुओं की जांच में जुटी है। इस बीच, पुणे ग्रामीण पुलिस ने केतन के मोबाइल फोन की भी जांच शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक, केतन की मौत के कुछ समय बाद तक उसका मोबाइल सिया के पास था। बाद में उसने वह फोन केतन के परिवार को सौंप दिया।
केतन अग्रवाल हत्याकांड की जांच कर रही पुणे ग्रामीण पुलिस ने बुधवार को लोहगढ़ किले में कथित वारदात वाली जगह पर क्राइम सीन रीक्रिएट किया था। इस दौरान अधिकारियों ने केतन की लंबाई और वजन के बराबर एक फाइबर डमी का इस्तेमाल किया और घटना को समझने के लिए उसे करीब 300 फीट गहरी खाई में गिराया।
लोनावला डिवीजन के डिप्टी सुपरिटेंडेंट ऑफ पुलिस गजानन टोम्पे ने कहा कि जांच के दौरान मिली जानकारी के आधार पर घटनाक्रम को दोबारा दोहराकर देखा गया। उन्होंने कहा कि हम आरोपी को लोहगढ़ किले में घटनास्थल पर ले गए और वहां पूरी घटना को दोबारा दोहराकर देखा। यह प्रक्रिया जांच के दौरान मिली जानकारी के आधार पर की गई। मामले की जांच अभी जारी है और सभी जरूरी तथ्य अदालत के सामने पेश किए जाएंगे। हम इस मामले से जुड़े सभी लोगों के बयान दर्ज कर रहे हैं और आगे भी यह प्रक्रिया जारी रहेगी।