इंडिगो ने पुणे-बैंकॉक उड़ानें कीं अस्थायी रूप से बंद, यात्रियों को झटका

Pune International Flight Update: पुणे से बैंकॉक जाने वाले यात्रियों को बड़ा झटका लगा है। इंडिगो ने 29 मार्च से ग्रीष्मकालीन शेड्यूल में इस रूट को शामिल नहीं किया और टिकट बुकिंग भी रोक दी है।
Pune Airport
पुणे एयरपोर्ट पर इंडिगो का विमान (सोर्स: सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Indigo Suspends Pune Bangkok Flight: पुणे से बैंकॉक जाने वाले हवाई यात्रियों के लिए एक बुरी खबर है। इंडिगो एयरलाइंस ने पुणे एयरपोर्ट से थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक के लिए अपनी अंतरराष्ट्रीय उड़ान सेवा को अस्थायी रूप से बंद करने का फैसला किया है।

29 मार्च से शुरू होने वाले आगामी 'ग्रीष्मकालीन शेड्यूल' में पुणे-बैंकॉक और बैंकॉक-पुणे, दोनों उड़ानों को शामिल नहीं किया गया है। एयरलाइन ने इस अवधि के लिए टिकटों की बुकिंग भी रोक दी है। वर्तमान में पुणे से दुबई और बैंकॉक के लिए दो-दो अंतरराष्ट्रीय उड़ानें संचालित होती हैं, जबकि सिंगापुर और अबू धाबी के लिए एक-एक सेवा उपलब्ध है।

इंडिगो के इस फैसले के बाद अब इस रूट पर केवल एयर इंडिया एक्सप्रेस की एकमात्र सेवा शेष रह जाएगी। इंडिगो ने इस निर्णय का कोई स्पष्ट कारण नहीं बताया है, केवल 'परिचालन संबंधी कारणों' का हवाला दिया है।

यात्रियों में नाराजगी

उड़ानों में इस कटौती के कारण यात्रियों में काफी नाराजगी और असमंजस की स्थिति है। विशेषज्ञों का मानना है कि प्रतिस्पर्धा घटने से इस रूट पर टिकटों के दाम में भारी बढ़ोतरी हो सकती है।

पुणे से अंतरराष्ट्रीय यात्रियों की बढ़ती मांग के बावजूद उड़ानों की संख्या कम होना शहर के विकास के लिए भी चिंता का विषय है। विदेश यात्रा के लिए मुंबई जैसे अन्य शहरों के हवाई अड्डों पर निर्भर रहना पड़ेगा। यात्रियों ने मांग की है कि केंद्र सरकार और विमानन कंपनियां पुणे से अंतरराष्ट्रीय कनेक्टिविटी बढ़ाने के लिए ठोस कदम उठाएं।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com