पुणे एयरपोर्ट पर 5 करोड़ का हाइड्रोपोनिक गांजा जब्त, बैंकॉक से आए यात्री की गिरफ्तारी

Pune Airport पर कस्टम विभाग ने बैंकॉक से आए एक यात्री के पास से 5.4 किलो हाइड्रोपोनिक गांजा बरामद किया है। खिलौना बॉक्स में छिपाकर लाई जा रही इस ड्रग्स की कीमत 5 करोड़ रुपये से अधिक बताई जा रही है।
vasai-virar-drug-bust-md-ganga-seizure-police-action
ड्रग्स तस्करी (सौ. सोशल मीडिया )
Published on: 
Updated on: 

Pune News In Hindi: शहर में कस्टम विभाग ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए बैंकॉक से आए एक यात्री के पास से करोड़ों रुपये का हाइड्रोपोनिक गांजा बरामद किया है।

यह कार्रवाई पुणे इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर की गई, जहां एयर इंटेलिजेंस यूनिट ने संदिग्ध गतिविधियों के आधार पर यात्री की जांच की। अधिकारियों के अनुसार, बैंकॉक से पुणे पहुंची फ्लाइट से उतरे एक यात्री के सामान की तलाशी ली गई।

जांच के दौरान उसके बैग में रखे पांच खिलौना बॉक्स (टॉय बॉक्स) संदिग्ध पाए गए। जब इन बॉक्सों को खोला गया तो उनके भीतर कार्बन पेपर में लपेटकर छिपाया गया हाइड्रोपोनिक गांजा बरामद हुआ।

कस्टम अधिकारियों के मुताबिक लगभग 5.4 किलोग्राम हाइड्रोपोनिक गांजा जब्त किया गया, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 5 करोड़ रुपये से अधिक आंकी गई है। गांजे की पुष्टि होने के तुरंत बाद आरोपी यात्री को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। प्रारंभिक जांच में संकेत मिले हैं कि यह तस्करी सुनियोजित नेटवर्क के तहत की जा रही थी।

तस्करी के मामलों में रोजाना हो रही है वृद्धि

बरामद किए गए हाइड्रोपोनिक गांजा को जब्त कर लिया गया है और आरोपी को एनडीपीएस अधिनियम, 1985 के तहत गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

अधिकारियों का कहना है कि हाल के महीनों में बैंकॉक जैसे अंतरराष्ट्रीय मार्गों से हाइड्रोपोनिक गांजे की तस्करी के मामलों में वृद्धि देखी गई है। हाइड्रोपोनिक गांजा उच्च गुणवत्ता और अधिक नशे की क्षमता के कारण महंगे दामों पर बिकता है, जिससे तस्कर इसे भारत लाने का प्रयास करते हैं। मामले की विस्तृत जांच जारी है ताकि इस तस्करी गिरोह के अन्य सदस्यों तक पहुंचा जा सके।

Navbharat Live
navbharatlive.com