पुणे न्यूज (सौ. फाइल फोटो )
Hinjewadi IT Park LPG Shortage: पुणे के हिंजवड़ी आईटी पार्क में रसोई गैस (एलपीजी) की किल्लत ने काम करने के माहौल को प्रभावित करना शुरू कर दिया है।
टीसीएस, विप्रो और कॉग्निजेंट जैसी दिग्गज कंपनियों के परिसरों में स्थित कैंटीन और फूड कोर्ट सेवाएं गैस की कमी के कारण लड़खड़ा गई हैं। इसके चलते अब आईटी पेशेवरों ने कंपनियों से दोबारा ‘वर्क फ्रॉम होम‘ देने की गुहार लगाई है।
पश्चिम एशिया में चल रहे तनाव के कारण वाणिज्यिक गैस सिलेंडरों की आपूर्ति बाधित हुई है। हिंजवडी की कई कंपनियों ने अपने कर्मचारियों को मेल भेजकर सूचित किया है कि कैंटीन में भोजन का मेन्यू सीमित रहेगा और वे यथासंभव घर से टिफिन लेकर आएं। कैंटीन संचालकों का कहना है कि उन्हें जरूरत का आधा स्टॉक भी नहीं मिल पा रहा है, जिससे हजारों लोगों का खाना बनाना असंभव हो गया है।
पुणे के जिलाधिकारी जितेंद्र डूडी ने घरेलू गैस सिलेंडर के वितरण को लेकर सख्त निर्देश जारी किए है। उन्होंने स्पष्ट किया है कि अब जिले में गैस सिलेंडर का वितरण केवल ओटीपी आधारित सिस्टम के जरिए ही किया जाएगा।
ये भी पढ़ें :- पिंपरी-चिंचवड़ स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट बना बोझ, 31 मार्च के बाद मनपा पर बढ़ेगी जिम्मेदारी
साथ ही, बुकिंग के बाद 96 घंटों के भीतर ग्राहक को होम डिलीवरी देना अनिवार्य कर दिया गया है। जिलाधिकारी कार्यालय में तेल कंपनियों और गैस एजेंसियों के प्रतिनिधियों के साथ हुई बैठक में यह निर्णय लिया गया। अब गोदाम या गैस एजेंसियों से सीधे सिलेंडर का वितरण पूरी तरह से बंद रहेगा। सभी एजेंसियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे ‘गैस सिलेंडर का वितरण केवल ओटीपी द्वारा और 96 घंटों के भीतर होम डिलीवरी के स्पष्ट निर्देश वाले बोर्ड लगाएं।