PCM संपत्तियों का ‘जीआईएस पॉलीगॉन मैपिंग’, अतिक्रमण रोकने की कवायद
- Written By: प्रभाकर दुबे
पुणे: पुणे महानगरपालिका (Pune Municipal Corporation) की संपत्तियों (Properties) पर अतिक्रमण (Encroachment) रोकने और व्यापक जानकारी आसानी से उपलब्ध कराने के लिए पुणे महानगरपालिका (PMC) के संपत्ति प्रबंधन विभाग ने आधुनिक तकनीक के माध्यम से अब तक 3 हजार 267 संपत्तियों की ‘जीआईएस पॉलीगॉन मैपिंग’ का काम पूरा कर लिया है। शहर में महानगरपालिका के स्वामित्व वाली या विभिन्न उद्देश्यों के लिए अधिग्रहित संपत्तियों की मैपिंग की जा रही है।
शहर में पुणे महानगरपालिका के स्वामित्व वाले स्कूल, अस्पताल, खेल के मैदान, पार्क, सांस्कृतिक भवन, दमकल केंद्र, सब्जी बाजार, क्षेत्रीय कार्यालय भवन, जलापूर्ति केंद्र, शमशान, कब्रिस्तान, जल निकासी परियोजनाएं, सुविधा स्थल, चाल विभाग की संपत्ति, सामुदायिक मंदिर, लाइब्रेरी और आरक्षण के एवज में कब्जे वाले स्थलों, मनोरंजन केंद्रों आदि संपत्तियों का समावेश है। इन संपत्तियों पर होने वाले अतिक्रमण के चलते संपत्ति और प्रबंधन विभाग ने सुरक्षा की दृष्टि से पॉलीगॉन मैपिंग शुरू कर दी है।
सभी जानकारी सॉफ्टवेयर में स्टोर
इस मैपिंग में संबंधित संपत्तियों का क्षेत्र, उसके अक्षांश और देशांतर का रिकॉर्ड तैयार किया जाता है। साथ ही जगह का नाम, मोहल्ला, सर्वे नंबर दर्ज किया जाता है। यह जानकारी सॉफ्टवेयर में स्टोर रहती है। इससे भविष्य में पुणे महानगरपालिका की संपत्तियों पर अतिक्रमण नहीं होगा। पुणे महानगरपालिका प्रशासन ने ऐसी 3, हजार 267 संपत्तियों के मैपिंग का काम पूरा कर लिया है। शेष संपत्तियों का मैपिंग जल्द ही पूरा किया जाएगा, ऐसा संपत्ति और प्रबंधन विभाग ने कहा है।
