पुणे में हाईवोल्टेज ड्रामा! शराबी ने पुलिस पर थूका, कॉलर पकड़कर दी जान से मारने की धमकी, जानें क्या है मामला
Pune Police News: पुणे में शराब के नशे में धुत एक युवक ने पुलिसकर्मियों पर थूककर उनसे मारपीट की। आरोपी के खिलाफ कई गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।
- Written By: आकाश मसने
प्रतीकात्मक तस्वीर (सोर्स: AI)
Pune Drunk Man Attacks Police: महाराष्ट्र के पुणे से पुलिस के साथ बदसलूकी और मारपीट का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां शराब के नशे में धुत एक 26 वर्षीय युवक ने सारी हदें पार करते हुए न सिर्फ ऑन-ड्यूटी पुलिसकर्मियों के साथ अभद्र व्यवहार किया, बल्कि उन्हें जान से मारने की धमकी तक दे डाली। आरोपी की पहचान पुणे के गुलटेकड़ी निवासी रोहन गौतम सालवे के रूप में हुई है। खडक पुलिस ने आरोपी के खिलाफ BNS और महाराष्ट्र पुलिस अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।
होटल में महिला से विवाद के बाद पहुंची थी पुलिस
पुणे पुलिस शिकायत के मुताबिक, 5 जून की रात करीब 2 बजे नियंत्रण कक्ष से सूचना मिली कि टिलक रोड स्थित जयश्री होटल देर रात तक खुला है। सूचना मिलने पर दोनों पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे। वहां एक युवक एक महिला से जोर-जोर से बहस कर रहा था। पूछताछ में पता चला कि युवक महिला के मोबाइल फोन से वीडियो बना रहा था। महिला ने इसका विरोध किया तो वह उससे अभद्र तरीके से बहस करने लगा।
थाने पहुंचते ही शुरू कर दिया हाईवोल्टेज ड्रामा
पुलिस ने युवक को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह पुलिसकर्मियों से भी उलझ पड़ा। उसने अपना नाम रोहन गौतम सालवे और पता गुलटेकड़ी पुणे बताया। पुलिस उसे पूछताछ के लिए खडक पुलिस थाने ले आई। पुलिस के मुताबिक, थाने पहुंचने पर उसके मुंह से शराब की तेज गंध आ रही थी और वह किसी की बात सुनने की स्थिति में नहीं था।
सम्बंधित ख़बरें
पत्नी की डायरी और अनैतिक अफेयर का सच, बीड में लेखपाल खतरनाक कदम, सदमे में पूरा परिवार
नीट पेपर लीक: मोटेगांवकर की RCC क्लासेस बंद कराने को लेकर लातूर में भारी बवाल, हत्या का केस दर्ज कराने की मांग
गुटबाजी पर शिंदे सख्त, संभाजीनगर में सियासी सुलह; एक वाहन में दिखे शिरसाट और अब्दुल सत्तार
भंडारा में डेंगू-मलेरिया पर नियंत्रण, 5 महीनों में 1.61 लाख जांच में मिले सिर्फ 2 मरीज
रात करीब 2:20 बजे सेक्टर नाइट राउंड पर निकले सीनियर पुलिस इंस्पेक्टर शशिकांत चव्हाण पुलिस स्टेशन पहुंचे। पुलिसकर्मियों ने उन्हें पूरी घटना की जानकारी दी। पूछताछ के दौरान आरोपी ने वरिष्ठ अधिकारी से भी अभद्र भाषा में बात की।
शिकायत के मुताबिक, जब सीनियर इंस्पेक्टर शशिकांत चव्हाण आरोपी के मुंह से शराब की गंध की पुष्टि करने का प्रयास कर रहे थे, तभी उसने उनके और अन्य पुलिसकर्मियों की ओर थूकना शुरू कर दिया। उसे रोकने की कोशिश की गई तो उसने पुलिस कांस्टेबल चंद्रशेखर हुणचलगी की कॉलर पकड़ ली, उनका दाहिना हाथ मरोड़ दिया और पैर पर जोरदार लात मारकर घायल कर दिया।
शराबी ने पुलिस को दी जान से मारने की धमकी
इसके बाद आरोपी ने सीनियर इंस्पेक्टर शशिकांत चव्हाण, पुलिस हवलदार तुलसुलकर, मोडक, पुलिस कांस्टेबल सालुंखे, कांडीलकर और अन्य पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की की। आरोपी लगातार गाली-गलौज करता रहा और पुलिसकर्मियों को धमकाते हुए बोला कि मेरे ऊपर पहले से 307 का मामला है तुम्हें खत्म करने में मुझे समय नहीं लगेगा।
पुलिसकर्मियों ने किसी तरह आरोपी को काबू में किया। इसके बाद उसे चिकित्सकीय जांच के लिए ससून अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने अपनी रिपोर्ट में पुष्टि की कि आरोपी शराब के नशे में था। उसके खून के सैंपल रासायनिक विश्लेषण के लिए सुरक्षित रखे गए हैं।
इस घटना में घायल हुए पुलिस कांस्टेबल चंद्रशेखर हुणचलगी की भी मेडिकल जांच कराई गई है। शिकायत में कहा गया है कि आरोपी ने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों के सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाई, मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी।
आरोपी के खिलाफ कई धाराओं में मामला दर्ज
इस मामले में आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 121(1), 132, 351(3), 352; महाराष्ट्र पुलिस अधिनियम 1951 की धारा 112 और 117 तथा महाराष्ट्र दारूबंदी अधिनियम 1949 की धारा 85 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार आरोपी के आपराधिक रिकॉर्ड और इस पूरी घटना की विस्तृत जांच की जा रही है तथा मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
यह भी पढ़ें:- NEET Paper Leak: आरोपी मनीषा वाघमारे को नहीं मिलेगी जमानत! वर्टिगो बीमारी पर कोर्ट ने कह दी इतनी बड़ी बात
खडक पुलिस स्टेशन के सीनियर पुलिस इंस्पेक्टर शशिकांत चव्हाण ने समाचार एजेंसी IANS से बातचीत में बताया कि आरोपी रोहन सालवे के खिलाफ पहले भी राजगढ़ पुलिस स्टेशन में एक पुलिसकर्मी के सिर पर कुर्सी मारने का मामला दर्ज है। उन्होंने कहा कि अदालत ने आरोपी को तीन दिन की पुलिस हिरासत में भेजा है और उसकी पुलिस कस्टडी 7 जून को समाप्त हो रही है।
