पुणे में बढ़ते अपराध पर सियासत तेज, सुप्रिया सुले के आरोपों पर पुलिस कमिश्नर का जवाब

Pune Police Commissioner Reply To Supriya Sule: पुणे पुलिस आयुक्त अमितेश कुमार ने सांसद सुप्रिया सुले को पत्र भेजकर अपराध नियंत्रण के आंकड़े साझा किए। दावा है कि 2026 में अपराधों में कमी आई है।
Pune Police Commissioner Reply To Supriya Sule News
पुणे पुलिस कमिशनर अमितेश कुमार और सांसद सुप्रिया सुले (सौ. सोशल मीडिया )
Published on
Updated on

Pune Police Commissioner Reply To Supriya Sule News: शहर में बढ़ती आपराधिक घटनाओं को लेकर राजनीतिक माहौल गर्म हो गया है। हाल के दिनों में दिनदहाड़े गोलीबारी, गैंगवार, कोयता गैंग की गतिविधियों और वाहनों में तोड़फोड़ की घटनाओं ने नागरिकों में असुरक्षा की भावना बढ़ा दी है।

इन घटनाओं के बाद सांसद सुप्रिया सुले ने शहर की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाते हुए पुलिस प्रशासन की कार्यशैली की आलोचना की थी। उन्होंने पुलिस आयुक्त अमितेश कुमार को जबरन अवकाश पर भेजने की मांग भी की थी। अब इस पूरे विवाद के बीच पुलिस आयुक्त ने सुले को विस्तृत जवाबी पत्र भेजकर पुणे पुलिस की कार्रवाई और अपराध नियंत्रण से जुड़े आंकड़े साझा किए हैं।

अपराध के मामलों में पुणे की स्थिति गंभीर

पिछले 15 दिनों में पुणे-सातारा रोड पर हुई गैंगवार और दिनदहाड़े गोलीबारी की घटना ने शहरवासियों को झकझोर दिया था। इस घटना में एक युवक पर गोली चलाने के साथ-साथ कोयते से हमला भी किया गया था। इसके अलावा, शहर में कोयता गैंग की दहशत, लूटपाट और वाहन तोड़फोड़ की घटनाओं को लेकर नागरिकों में नाराजगी बढ़ रही है। इसी पृष्ठभूमि में सुप्रिया सुले ने एनसीआरबी के आंकड़ों का हवाला देते हुए दावा किया था कि अपराध के मामलों में पुणे देश के प्रमुख शहरों में चिंताजनक स्थिति में पहुंच गया है।

पुलिस कमिश्नर ने पेश किया 2 साल का रिकॉर्ड

सुले की आलोचना के बाद पुलिस आयुक्त अमितेश कुमार ने पत्र के माध्यम से पिछले दो वर्षों के अपराध संबंधी आंकड़े प्रस्तुत किए, उन्होंने दावा किया कि वर्ष 2025 की तुलना में 2026 में कई गंभीर अपराधों में कमी दर्ज की गई है। पत्र के अनुसार हत्या के प्रयास, लूट, चेन स्नैचिंग, सेंधमारी, वाहन चोरी, गंभीर मारपीट, बलात्कार और छेड़छाड़ जैसे मामलों में गिरावट आई है।

2026 में अपराध में भारी कमी आई

पुलिस ने हाल की घटनाओं के बाद शहरभर में कॉम्बिंग ऑपरेशन चलाया, गश्त बढ़ाई और हिस्ट्रीशीटर अपराधियों के खिलाफ विशेष अभियान शुरू किया है। पुलिस आयुक्त ने बताया कि संवेदनशील इलाकों में जीपीएस आधारित निगरानी, अतिरिक्त बंदोबस्त और रात्रि गश्त को मजबूत किया गया है। उन्होंने दावा किया कि पिछले पांच महीनों में हत्या के प्रयास के मामलों में 27 प्रतिशत, चेन स्नैचिंग में 56 प्रतिशत, लूट की घटनाओं में 36 प्रतिशत और वाहन तोड़‌फोड़ के मामलों में 50 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com