

Rohit Pawar Close Aide Daughter Suspicious Death: पुणे (बारामती)- महाराष्ट्र के पुणे जिले के बारामती से एक बेहद दुखद और चौंकाने वाली घटना सामने आई है। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार गुट) के विधायक रोहित पवार के करीबी अजित दशावतारे की 12 वर्षीय बेटी अवनी का शव रविवार सुबह संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद हुआ है।
इस दर्दनाक वाकये के बाद से पूरे बारामती और रुई परिसर में हड़कंप मच गया है और चारों तरफ शोक की लहर दौड़ गई है।
प्राथमिक रिपोर्ट के मुताबिक, यह नाबालिग बच्ची शनिवार 22 अगस्त की रात को अपनी मां के साथ हुई किसी घरेलू बात पर गुस्से में अचानक घर से निकल गई थी। जब वह काफी देर तक वापस नहीं लौटी, तो परिजनों की चिंता बढ़ गई। उन्होंने तुरंत स्थानीय पुलिस थाने में बच्ची की गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस और परिजनों ने रात में ही खोजबीन शुरू कर दी थी।
अगले दिन, यानी रविवार 23 अगस्त की सुबह बारामती के रुई पाटी क्षेत्र के साई गणेश नगर में उसके घर के पास ही एक सड़क के किनारे बच्ची का शव संशयास्पद अवस्था में पड़ा मिला।
पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके परघटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस प्रशासन और फॉरेंसिक साइंस की एक्सपर्ट टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा किया और घटनास्थल से महत्वपूर्ण सबूत जुटाए।
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए विधायक रोहित पवार भी तुरंत बारामती पहुंचे और उन्होंने सरकारी मेडिकल कॉलेज का दौरा कर डॉक्टरों और पुलिस अधिकारियों से मुलाकात की।
पुणे ग्रामीण पुलिस के आला अधिकारियों के अनुसार, इस मामले की जांच हर एंगल से बारीकी से की जा रही है। पुलिस ने साफ किया है कि मौत के असली कारणों का खुलासा पोस्टमोर्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगा।
इससे पहले, मीडिया रिपोर्ट्स में भ्रम की स्थिति थी कि नाबालिग लड़की पवार के पर्सनल असिस्टेंट की बेटी थी।
हालांकि, पुणे पुलिस ने स्पष्ट किया कि वह असल में रोहित पवार के किसी परिचित की बेटी थी। फिलहाल पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और परिवार के बयान दर्ज कर आगे की कार्रवाई कर रही है।