प्रतीकात्मक तस्वीर
पुणे. सोशल मीडिया के जरिए परिचय के बाद एक युवती को शादी का प्रलोभन देकर दुष्कर्म करने की घटना सामने आई है। युवक ने अपनी पहली शादी छिपाकर बार-बार उसका शोषण किया। इस मामले में शिवाजीनगर पुलिस ने अमित अंकुश नापटे (उम्र 29, करंदी, शिरूर) के खिलाफ मामला दर्ज किया है। 29 साल की एक लड़की ने इसकी शिकायत दी है।
पुलिस के मुताबिक, युवती और अमित की पहचान सोशल मीडिया के जरिए हुई थी। एक दूसरे को जानने के बाद दोनों के बीच दोस्ती हो गई। अमित ने लड़की को प्यार के जाल में फंसाया। उसे शादी का प्रलोभन दिया। बाद में वह लड़की को एक होटल में ले गया और उसके साथ कई बार संबंध बनाये। जब लड़की ने शादी के बारे में पूछा तो वह टालने लगा।
यह भी पढ़ें: पुणे के पिंपरी-चिंचवड में नाबालिग के साथ यौन उत्पीड़न, शिक्षक समेत 7 गिरफ्तार
जब लड़की ने इस बारे में पूछताछ की उसे पता चला कि अमित शादीशुदा है। उसने उससे जवाब मांगा तो अमित ने कहा कि उसकी और उसकी पत्नी के बीच अनबन चल रही है और वह जल्द ही तलाक ले लेगा। उसने पीड़ित युवती को झांसा दिया कि वह उसे गांव ले जाएगा और उसके माता-पिता से मिलवाएगा। ऐसा कहकर वो बात को टालता रहा और युवती के साथ संबंध बनाना जारी रखा।
यह भी पढ़ें: पुणे में भयानक हादसा, एसटी बस ने कार और बाइक को मारी टक्कर, एक की मौत, 12 घायल
युवती ने जब उसे दोबारा शादी के लिए पूछा तो उसने गाली-गलौज की और कहा कि उसकी वरिष्ठ अधिकारियों से जान-पहचान है। शिकायत में कहा गया है कि उसने युवती को धमकी दी कि वो उसके खिलाफ झूठा मामला दर्ज करवाएगा और फंसा देगा। सहायक निरीक्षक सविता सपकाले इस घटना की जांच कर रही हैं।