बेलगावी में भाषा को लेकर यात्री ने कंडक्टर पर किया हमला, कर्नाटक की बस सेवा बंद, चार आरोपी गिरफ्तार

भाषा को लेकर बेलगावी हमेशा से एक संवेदनशील इलाका रहा है। इस बीच बेलगावी से एक भाषा को लेकर हुए विवाद में बस कंडक्टर की पिटाई करे जाने की खबर सामने आई है, जिसके कारण शनिवार को बस सेवा भी प्रभावित हुई।
मराठी में बात न करने पर बस कंडक्टर पर हमला करने के आरोप में चार गिरफ्तार
जख्मी बस कंडक्टर (सौजन्य-एक्स)
Published on
Updated on

बेलगावी: महाराष्ट्र और कर्नाटक के बॉर्डर आपस मिलते हैं। यहां बेलगावी भी महाराष्ट्र से सटा हुआ इलाका है। दोनों राज्यों से सटा होने के कारण बेलगावी में काफी संख्या में मराठी भाषी रहते है। इसमें काफी संख्या में ऐसे लोग भी हैं जो कन्नड़ नहीं बोल पाते हैं। सीमा सटे होने की वजह से कर्नाटक और महाराष्ट्र के बीच अक्सर भाषा के मामले को लेकर विवाद होते रहा है।

इस बीच भाषा के मामले में एक निंदनीय घटना सामने आई है। बेलगावी में राज्य परिवहन निगम की बस के एक संवाहक पर यात्री को मराठी में जवाब नहीं देने के कारण कथित रूप से हमला करने के आरोप में चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने बताया कि यह घटना शुक्रवार को महाराष्ट्र की सीमा से लगे जिला मुख्यालय बेलगावी के बाहरी इलाके में हुई। पुलिस ने बताया कि कंडक्टर पर पॉक्सो अधिनियम के तहत भी मामला दर्ज किया गया है।

कर्नाटक के लिए राज्य की बस सेवाएं रोकने का आदेश

महाराष्ट्र के परिवहन मंत्री प्रताप सरनाईक ने एमएसआरटीसी की एक बस पर हुए हमले के बाद शनिवार को कर्नाटक जाने वाली राज्य परिवहन बसों की सेवा रोकने का आदेश दिया। सरनाईक ने कहा कि महाराष्ट्र राज्य सड़क परिवहन निगम (एमएसआरटीसी) की बेंगलुरु से मुंबई आने वाली बस पर शुक्रवार रात कर्नाटक के चित्रदुर्ग में कन्नड़ समर्थक कार्यकर्ताओं ने हमला किया। मंत्री ने कहा कि कन्नड़ समर्थक कार्यकर्ताओं ने ड्राइवर भास्कर जाधव का चेहरा भी काला कर दिया और उनके साथ मारपीट की। सरनाईक ने कहा कि जब तक कर्नाटक सरकार इस मुद्दे पर अपना रुख स्पष्ट नहीं करती, तब तक बस सेवाएं बहाल नहीं की जाएंगी।

कंडक्टर ने बताया मामला

51 वर्षीय बस संवाहक महादेवप्पा मल्लप्पा हुक्केरी ने संवाददाताओं को बताया कि सुलेभवी गांव में अपने पुरुष साथी के साथ बस में चढ़ी एक महिला मराठी में बात कर रही थी। हुक्केरी ने बताया कि उन्होंने लड़की से कहा कि वह मराठी नहीं जानते और कन्नड़ में बात करने को कहा। संवाहक ने कहा, “जब मैंने कहा कि मैं मराठी नहीं जानता तो उस महिला ने मुझे गाली देते हुए कहा कि मुझे मराठी सीखनी चाहिए। अचानक बड़ी संख्या में लोग इकट्ठा हो गए और मुझ पर हमला कर दिया।”

पुलिस ने बताया कि घायल बस संवाहक को बेलगावी आयुर्विज्ञान संस्थान में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने बताया कि उसे मामूली चोटें आई हैं और वह खतरे से बाहर है। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, “संवाहक पर हमले के सिलसिले में एक मामला दर्ज कर चार लोगों को गिरफ्तार किया है और 14 वर्षीय लड़की द्वारा दर्ज करायी गयी जवाबी शिकायत के आधार पर संवाहक के खिलाफ यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण (पॉक्सो) अधिनियम के तहत अपमानजनक टिप्पणी करने का मामला दर्ज किया गया है।”

फरार आरोपी की तलाश में पुलिस

उन्होंने कहा, “पॉक्सो अधिनियम के मामले में अभी तक कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है। हमें जांच करनी होगी और आरोपों पर गौर करना होगा तथा उसके अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।” बेलगावी पुलिस आयुक्त इदा मार्टिन मारबानियांग ने यहां संवाददाताओं से कहा कि संवाहक पर हमले के सिलसिले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। फरार अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए तीन निरीक्षकों के नेतृत्व में तीन टीमें गठित की गई हैं।

उन्होंने कहा, “घटना में शामिल सभी लोगों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।” उन्होंने बताया कि विरोधी पक्ष की ओर से भी एक जवाबी मामला आया है, जिसमें संवाहक पर लड़की के साथ दुर्व्यवहार करने का आरोप लगाया गया है। इस संबंध में कल रात मामला दर्ज कर लिया गया है। उन्होंने कहा, “हम जांच कर रहे हैं और देखेंगे कि सच्चाई क्या है। उसके अनुसार हम कानून सम्मत कार्रवाई करेंगे। जांच के दौरान हम बस में मौजूद अन्य यात्रियों से बयान लेंगे। हम बेहद तटस्थ रहेंगे।”

आयुक्त ने एक सवाल के जवाब में कहा कि सीमा विवाद के कारण इस क्षेत्र में लंबे समय से तनाव बना हुआ है और इस घटना से समस्या उत्पन्न हो सकती है। उन्होंने यह भी कहा कि उन्होंने कानून व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए पड़ोसी जिलों के पुलिस अधीक्षकों से बात की है। घटना के बाद कन्नड़ समर्थक कार्यकर्ताओं ने शनिवार को बेलगावी-बागलकोट मार्ग को जाम कर विरोध प्रदर्शन किया और पुतले जलाए। हालांकि, पुलिस ने उन्हें वैन में भरकर वहां से हटा दिया।

बस सेवा प्रभावित

इस वजह से शनिवार को बेलगावी से महाराष्ट्र आने वाले यात्रियों को भारी परेशानी उठानी पड़ी। कर्नाटक के विभिन्न बस स्टेशनों बड़ी संख्या में यात्री सावंतवाड़ी, चांदगढ़, अजरा, गढ़िंगलाज, मिरज, सांगली जाने के लिए एसटी बसों का इंतजार करते दिखे। बेलगावी से महाराष्ट्र जाने वाली बसें अब सीमा के पास कोगनोली चेकपॉइंट तक चल रही हैं। तो वहीं महाराष्ट्र से कर्नाटक जाने वाली बसें कागल तालुका तक सेवाएं प्रदान कर रही हैं।

(एजेंसी इनपुट के साथ)

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com