रॉन्ग साइड ड्राइविंग ने उजाड़ दिए परिवार, बारातियों से भरे टेंपो और कंटेनर में भीषण भिड़ंत, 13 की मौत

Palghar Road Accident Update: पालघर में मुंबई-अहमदाबाद नेशनल हाईवे पर भीषण सड़क हादसा। रॉन्ग साइड से आ रहे बारातियों के टेंपो को कंटेनर ने मारी टक्कर, 13 की मौत और 27 गंभीर रूप से घायल।
Wrong-Side Driving Devastates Families: Massive Collision Between Tempo Packed with Wedding Guests and Container; 13 Dead
घटनास्थल की फोटो (सोर्स: सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

Palghar Road Accident News: महाराष्ट्र के पालघर जिले से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है, जहाँ रविवार को मुंबई-अहमदाबाद नेशनल हाईवे पर शादी की खुशियाँ मातम में तब्दील हो गईं। धानीवरी गाँव के पास बारातियों से भरे एक ईशर टेंपो और एक तेज रफ्तार भारी कंटेनर के बीच भीषण भिड़ंत हो गई। इस दर्दनाक हादसे में अब तक 13 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि दर्जनों लोग जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहे हैं।

SP का ने बताया कैसे हुआ हादसा?

पालघर के पुलिस अधीक्षक (SP) यतिश देशमुख के अनुसार, हादसा गुजरात से मुंबई जाने वाली लेन पर धानीवरी गाँव के पास हुआ। एक ईशर टेंपो, जिसमें करीब 35 से 40 बाराती सवार थे, अपने गाँव की ओर जाने के लिए हाईवे पर रॉन्ग साइड से आ रहा था। इसी दौरान सामने से आ रहे एक भारी कंटेनर ने टेंपो को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि टेंपो के परखच्चे उड़ गए और कई लोग वाहन के भीतर ही फंस गए।

मौत का आंकड़ा और घायलों की स्थिति

ताजा अपडेट के अनुसार, इस दुर्घटना में कुल 13 लोगों की जान जा चुकी है। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और सड़क पर लाशें बिखर गईं। प्रशासन और पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से तुरंत बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को कासा के वेदांत अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि कुल गंभीर घायलों की संख्या 27 बताई जा रही है। घायलों का इलाज जारी है और मृतकों की संख्या अभी और बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।

ट्रॉमा सेंटर की मांग और राजनीतिक प्रतिक्रिया

घटनास्थल पर पहुंचे शिवसेना विधायक राजेंद्र गावित ने इस त्रासदी पर गहरा दुख व्यक्त किया और प्रशासन की कमी पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा, हादसे में 13 लोगों की जान जाना बेहद दुखद है। मैं लंबे समय से इस क्षेत्र में एक ट्रॉमा केयर सेंटर की मांग कर रहा हूँ। अगर यहाँ आधुनिक ट्रॉमा सेंटर होता, तो समय पर इलाज मिलने से कई लोगों की जान बचाई जा सकती थी।

मातम में बदली शादी की खुशियां

बताया जा रहा है कि टेंपो में सवार बाराती नाचते गाते शादी समारोह से लौट रहे थे। सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो में हादसे की भयावहता साफ देखी जा सकती है, जहाँ परिजन अपनों के शवों के पास बिलखते नजर आ रहे हैं। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और कंटेनर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com