Nalasopara Women Harassment: नालासोपारा में 14 वर्षीय नाबालिग बच्ची के साथ सामूहिक दुष्कर्म और ब्लैकमेलिंग का गंभीर मामला सामने आया है। पुलिस के अनुसार, इंस्टाग्रामपर हुई दोस्ती के बाद आरोपी ने नाबालिग को मिलने के बहाने बुलाया और एक अन्य साथी के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया। तुलिंज पुलिस ने मामले में दोनों नाबालिग आरोपियों को हिरासत में लिया है।
पुलिस के मुताबिक, पीड़िता की कुछ समय पहले इंस्टाग्राम के जरिए 17 वर्षीय लड़के से पहचान हुई थी। आरोप है कि 11 जुलाई की दोपहर आरोपी ने जरूरी काम का बहाना बनाकर उसे मिलने के लिए बुलाया। पीड़िता के पहुंचने के बाद आरोपी उसे पास की एक इमारत के बंद कमरे में ले गया, जहां उसका एक अन्य 17 वर्षीय साथी पहले से मौजूद था।
पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपियों ने कथित तौर पर घटना का वीडियो भी बनाया। इसके बाद पीड़िता को धमकी दी गई कि यदि उसने किसी को घटना के बारे में बताया तो उसके भाई की हत्या कर दी जाएगी और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया जाएगा। धमकी के डर से पीड़िता करीब एक महीने तक घटना के बारे में किसी को नहीं बता सकी।
पुलिस के अनुसार, 15 अगस्त 2026 को आरोपियों द्वारा कथित तौर पर घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल किए जाने के बाद पीड़िता के परिजनों को मामले की जानकारी हुई। इसके बाद परिजन तुरंत तुलिंज पुलिस स्टेशन पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत मिलने के बाद तुलिंज पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के साथ सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम और पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज किया। पुलिस ने सामूहिक दुष्कर्म, धमकी और अश्लील सामग्री प्रसारित करने के आरोपों की जांच शुरू की है।
तुलिंज पुलिस के अनुसार, जांच के दौरान हिरासत में लिए गए दोनों आरोपी 18 वर्ष से कम उम्र के पाए गए। दोनों को भिवंडी बाल न्यायालय के समक्ष पेश किया गया है। पुलिस अब मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है और सोशल मीडिया पर प्रसारित सामग्री के स्रोत की भी पड़ताल की जा रही है।
तुलिंज पुलिस निरीक्षक प्रकाश जाधव के अनुसार, शिकायत मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि घटना और वीडियो प्रसारित करने में कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल था या नहीं। मामले की आगे की जांच जारी है।