पुलिस स्टेशन में गुजरी संभावना सेठ की रात, हाउस हेल्प को लेकर हुआ बड़ा विवाद

Sambhavna Seth House Help: एक्ट्रेस संभावना सेठ ने अपने घर में काम करने वाली मेड से जुड़ी समस्या को लेकर पुलिस स्टेशन में पूरी रात बिताई और कानूनी कार्रवाई की मांग की।
Sambhavna Seth Police Station
संभावना सेठ (फोटो सोर्स-सोशल मीडिया)
Updated on

Sambhavna Seth Police Station: ग्लैमर और चकाचौंध से भरी जिंदगी जीने वाले कलाकारों को भी कई बार अपनी पर्सनल लाइफ में ऐसी विषम परिस्थितियों का सामना करना पड़ता है, जो उन्हें आम लोगों की तरह कानून का दरवाजा खटखटाने पर मजबूर कर देती हैं। कुछ ऐसा ही मामला एक्ट्रेस और पॉपुलर व्लॉगर संभावना सेठ के साथ देखने को मिला। उन्हें मुंबई के ओशिवारा पुलिस स्टेशन में पूरी रात गुजारनी पड़ी। इस पूरी घटना की जानकारी उन्होंने खुद सोशल मीडिया पर शेयर की, जिसके बाद उनके फैंस और आम जनता के बीच यह जानने की उत्सुकता बढ़ गई कि आखिर ऐसा क्या हुआ कि संभावना को आधी रात को पुलिस की मदद लेनी पड़ी।

संभावना सेठ और उनके पति अविनाश द्विवेदी के घर में काम करने वाली मेड अचानक बिना बताए लापता हो गई। शुरुआती जांच में जब घर का सामान देखा गया तो कई संदेह पैदा हुए। इसके बाद एक्ट्रेस ने जब उससे कॉन्टेक्ट साधने की कोशिश की, तो मेड का बर्ताव पूरी तरह बदला हुआ और संदेहास्पद नजर आया। हाउस हेल्प पर आम परिवार अपनी कई जिम्मेदारियां छोड़ते हैं, ऐसे में उनका बिना किसी बिना जानकारी के गायब होना और संदिग्ध गतिविधियां किसी भी परिवार के लिए गहरी चिंता और असुरक्षा का कारण बन जाती हैं। इसी अनहोनी की आशंका के चलते संभावना सेठ ने फौरन कानूनी कदम उठाने का फैसला किया।

थाने की चौखट पर न्याय के लिए रात भर का लंबा इंतजार

मामले की गंभीरता को देखते हुए संभावना सेठ देर रात ओशिवारा पुलिस स्टेशन पहुंचीं। उन्होंने पुलिस अधिकारियों के सामने पूरी बात रखी और लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत प्रक्रिया, बयानों का आदान-प्रदान और शुरुआती जांच प्रक्रिया में काफी समय लगा, जिसके कारण संभावना सेठ को पूरी रात पुलिस स्टेशन परिसर में ही बितानी पड़ी।

सुबह तक चली इस लंबी कानूनी प्रक्रिया के दौरान वे लगातार पुलिस प्रशासन से सख्त कदम उठाने की अपील करती रहीं। संभावना सेठ ने साफ किया कि यह सिर्फ एक सामान या काम का मुद्दा नहीं है, बल्कि सुरक्षा और भरोसे का गंभीर मामला है।

सोशल मीडिया पर बयां की आपबीती और दी सतर्क रहने की सलाह

कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद संभावना सेठ ने अपने सोशल मीडिया हैंडल के जरिए पूरी आपबीती शेयर की। उन्होंने बताया कि इस तरह की घटनाओं से किसी भी परिवार का मानसिक संतुलन प्रभावित हो सकता है।

उन्होंने पुलिस प्रशासन की कार्रवाई पर भरोसा जताया, लेकिन साथ ही अपने फैंस और आम लोगों को भी आगाह किया कि वे अपने घरों में काम करने वाले सहायकों का पुलिस वेरिफिकेशन जरूर करवाएं। यह घटना यह बताने के लिए काफी है कि सेलिब्रिटी हों या आम इंसान, सुरक्षा से जुड़े सवाल हर किसी के लिए उतने ही अहम होते हैं।

आपको बता दें कि संभावना सेठ ने साल 2001 में बॉलीवुड फिल्म 'पागलपन' से अपनी एक्टिंग की शुरुआत की थी।उन्हें असली पहचान फिल्म '36 चाइना टाउन' के पॉपुलर सॉन्ग "आशिकी में तेरी" से मिली। छोटे पर्दे का सबसे पॉपुलर रियलिटी शो बिग बॉस के दूसरे सीजन (2008) का भी हिस्सा बनीं।

Navbharat Live
navbharatlive.com