प्रशासन की चेतावनी को नजरअंदाज करना पड़ा भारी, अर्नाला बीच पर डूबे दो दोस्त, तलाश में जुटी SDRF
Boys Drowned In Arnala Beach: पालघर के अर्नाला बीच पर प्रशासन की पाबंदी के बावजूद नहाने उतरे दो किशोर समुद्र की तेज लहरों में लापता हो गए। भारी बारिश और हाई टाइड के बीच SDRF का सर्च ऑपरेशन जारी है।
- Written By: गोरक्ष पोफली
SDRF का सर्च ऑपरेशन जारी (सोर्स: डिजाइन फोटो)
Arnala Beach Palghar Two Boys Drowned: महाराष्ट्र के पालघर जिले से एक ऐसी रूह कंपा देने वाली खबर सामने आ रही है, जिसने पूरे इलाके में मातम पसरा दिया है। अर्नाला समुद्र तट पर मौज-मस्ती करने गए चार किशोरों के लिए गुरुवार की सुबह किसी भयावह सपने जैसी साबित हुई। मस्ती और सैर-सपाटे का मंजर पल भर में चीख-पुकार और मौत के सन्नाटे में बदल गया, जब समुद्र की उग्र लहरों ने दो बच्चों को अपनी आगोश में ले लिया।
मिली जानकारी के मुताबिक, लापता हुए किशोरों की पहचान 17 वर्षीय अयान और सोयब के रूप में हुई है। ये दोनों अपने दोस्तों के साथ अर्नाला बीच की खूबसूरती निहारने पहुंचे थे। पुलिस सूत्रों के अनुसार, चार दोस्तों में से तीन समुद्र के पानी में नहाने के लिए उतरे थे। तभी अचानक कुदरत ने अपना कहर दिखाया और एक विशालकाय लहर ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। चश्मदीदों का कहना है कि मंजर इतना खौफनाक था कि देखते ही देखते दो दोस्त गहरे समंदर में समा गए और नजरों से ओझल हो गए।
एक की बची जान, दो की तलाश में जुटी सेना जैसी मुस्तैदी
इस हादसे के दौरान वहां मौजूद कुछ स्थानीय लोगों ने अपनी जान पर खेलकर तैरते हुए एक बच्चे को तो सुरक्षित बाहर निकाल लिया, लेकिन अयान और सोयब लहरों के साथ आगे बह गए। घटना की जानकारी मिलते ही वसई-विरार नगर निगम के फायर ब्रिगेड और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। सुबह करीब 10:45 बजे इमरजेंसी कॉल मिलते ही राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया गया।
सम्बंधित ख़बरें
अकोला में अमृत योजना चरण-2 का काम ठप: 21 गांवों की जलापूर्ति अटकी; 3 से 5 साल की देरी होने की आशंका
तय समय पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई हुई आसान; वर्धा पुलिस एसपी कार्यालय की अनूठी पहल ‘प्रोजेक्ट सतर्क’ लाई रंग
महाराष्ट्र में स्कूली बच्चों को मुफ्त में कराई जाएगी जंगल सफारी, सरकार का बड़ा फैसला, जानें किसे मिलेगा मौका
नागपुर में नहीं होगी उद्धव ठाकरे की जनसभा; रामनगर मंदिर के पास सड़क पर होगा ‘राम रक्षा आंदोलन’ और भव्य महाआरती
प्रशासन की पाबंदी को नजरअंदाज करना पड़ा भारी?
चौंकाने वाली बात यह है कि मानसून के खतरे को देखते हुए प्रशासन ने 30 सितंबर तक अर्नाला समुद्र तट पर पानी में उतरने पर पूरी तरह प्रतिबंध लगा रखा था। इसके बावजूद ये बच्चे खतरे की परवाह किए बिना मौत के मुहाने तक जा पहुंचे। फिलहाल, स्थानीय पुलिस, लाइफगार्ड्स, तटीय सुरक्षा बल और SDRF की टीमें युद्धस्तर पर संयुक्त खोज अभियान चला रही हैं।
यह भी पढ़ें: नागपुर में नहीं होगी उद्धव ठाकरे की जनसभा; रामनगर मंदिर के पास सड़क पर होगा ‘राम रक्षा आंदोलन’ और भव्य महाआरती
भारी बारिश और समुद्र में उठ रहे हाई टाइड के कारण सर्च ऑपरेशन में काफी मुश्किलें आ रही हैं। अभी तक दोनों लापता बच्चों का कोई सुराग नहीं मिल पाया है, जिससे परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। क्या अयान और सोयब सुरक्षित लौट पाएंगे? यह सवाल पूरे महाराष्ट्र को झकझोर रहा है। प्रशासन ने एक बार फिर चेतावनी दी है कि मानसून में समंदर की लहरों से खिलवाड़ जानलेवा साबित हो सकता है।
