Yeola Eater Crisis (सोर्सः सोशल मीडिया)
Yeola Water Supply Contamination: येवला शहर में पिछले कुछ दिनों से हो रही गंदे और दूषित पानी की आपूर्ति के कारण नागरिकों के स्वास्थ्य पर खतरा मंडरा रहा है। जन शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए भारतीय जनता पार्टी और शिवसेना (एकनाथ शिंदे गुट) के पदाधिकारियों ने नगर परिषद के मुख्य जल शुद्धीकरण केंद्र और पंपिंग स्टेशन का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान पदाधिकारियों ने पाया कि कई स्थानों पर तकनीकी खामियां मौजूद हैं। उन्होंने नगर परिषद के संबंधित विभाग को कड़े निर्देश दिए कि शहर में जहां भी पाइपलाइन फूटी हुई है या वाल्व में तकनीकी खराबी है, वहां युद्धस्तर पर तुरंत मरम्मत कार्य शुरू किया जाए।
पदाधिकारियों ने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि शहर की जनता के स्वास्थ्य के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने मांग की कि सभी तकनीकी खामियों को जल्द से जल्द दूर कर नागरिकों को स्वच्छ और सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराया जाए।
महायुति के पदाधिकारियों के सख्त रुख को देखते हुए नगर परिषद के अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि अगले कुछ दिनों के भीतर सभी मरम्मत कार्य पूरे कर जलापूर्ति को सुचारू कर दिया जाएगा।
ये भी पढ़े: यातायात नियम तोड़ने पर सख्ती: संभाजीनगर में ट्रैफिक पुलिस का अभियान, 315 रिक्शा चालकों पर कार्रवाई
इस अवसर पर शिवसेना के दल नेता गणेश शिंदे, भाजपा युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष व स्वीकृत पार्षद समीर समदड़िया, शिवसेना शहर प्रमुख विशाल परदेशी, शिवसेना जिला उपप्रमुख अमोल शिंदे, भाजपा तहसील प्रमुख नानासाहेब लहरे, अक्षय राजपूत सहित महायुति के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित थे।