प्रतीकात्मक तस्वीर ( सोर्स: सोशल मीडिया )
Yeola ST Bus Brake Failure: येवला शहर के व्यस्त इलाके में ब्रेक फेल होने के कारण एक एसटी बस सीधे एक इमारत से जा टकराई। इस भीषण टक्कर में इमारत की सीढ़ियों और पास के व्यापारियों का काफी आर्थिक नुकसान हुआ है, लेकिन राहत की बात यह रही कि कोई जनहानि नहीं हुई।
यह हादसा अहिल्यानगर डिपो की अहिल्यानगर-धुलिया बस (एमएच 14 बीटी 4447) के साथ फत्तेबुरुज नाका पर हुआ। शुक्रवार की शाम करीब 8:30 बजे यह घटना उस समय हुई जब बस येवला पहुंची थी।
ट्रैफिक जाम के बीच एक ट्रक चालक ने अचानक बस को कट मार दिया। इस टक्कर के कारण बस का ब्रेक सिस्टम फेल हो गया। ब्रेक फेल होते ही बस भीड़भाड़ वाले इलाके की ओर बढ़ने लगी।
चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए बस को भीड़ और अन्य वाहनों से बचाकर ‘मोनालिसा’ इमारत की सीढ़ियों की ओर मोड़ दिया। हादसे के समय बस में 22 यात्री सवार थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, चालक की तत्परता की वजह से किसी भी यात्री को खरोंच तक नहीं आई।
येवला शहर के निवासी पिछले कई दिनों से मालेगाव-कोपरगांव मार्ग पर लगने वाले भीषण ट्रैफिक जाम से परेशान हैं। सुबह 8 बजे से देर रात तक वाहनों की लंबी कतारें लगी रहती है।
यह भी पढ़ें:-अवैध पार्किंग से जाम, नासिक में ट्रैफिक पर 1500 शिकायतें, व्हाट्सएप हेल्पलाइन हिट; मिनटों में एक्शन
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि इसी जाम और भारी वाहनों की लापरवाही के कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही है। शुक्रवार का हादसा भी इसी अनियंत्रित यातायात व्यवस्था का परिणाम माना जा रहा है। बस जब इमारत की सीढ़ियों से टकराई, तो वहां पास में स्थित दुकानों के बोर्ड और फर्नीचर को भी क्षति पहुंची है।