Mahayuti alliance (सोर्सः सोशल मीडिया)
Nashik Politics News: महापौर और उपमहापौर के निर्विरोध निर्वाचन के दौरान महायुति के तीनों दलों में उभरी आंतरिक नाराजगी के बाद अब ‘मलाईदार’ मानी जाने वाली स्थायी समिति में प्रवेश को लेकर जोरदार रस्साकशी शुरू हो गई है।
सभी राजनीतिक दलों के पार्षदों की प्रबल इच्छा को देखते हुए स्थानीय नेतृत्व ने किसी प्रकार की नाराजगी मोल लेने से बचने के लिए सुरक्षित रास्ता अपनाया है। स्थानीय नेताओं ने सभी इच्छुक पार्षदों से आवेदन मंगवाए हैं और स्पष्ट किया है कि अंतिम निर्णय पार्टी का शीर्ष नेतृत्व ही लेगा।
सोमवार (16 फरवरी) सुबह 11 बजे स्थायी समिति के सदस्यों के चयन के लिए महासभा बुलाई गई है। रविवार तक सभी दलों के उम्मीदवारों के नाम तय कर लिए जाएंगे, जिन्हें सोमवार को महासभा से पहले गुट नेताओं द्वारा महापौर को सौंपा जाएगा। 16 सदस्यीय स्थायी समिति में सीटों का आवंटन इस प्रकार है:
ठाकरे सेना ने कांग्रेस के साथ गठबंधन किया है, जिसके बदले में स्थायी समिति की एक सीट कांग्रेस को दी जाएगी। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी ने निर्दलीय मुकेश शहाणे के साथ गुट पंजीकरण किया है, जिसके तहत समिति की दो वर्ष की सदस्यता शहाणे को दिए जाने की संभावना है। वहीं शिंदे सेना के चार सदस्य हैं और उन्हें मनसे के एक सदस्य का समर्थन प्राप्त है, जिससे समिति की एक सीट मनसे को मिल सकती है। शिंदे सेना के उपनेता अजय बोरस्ते ने बताया कि इच्छुकों के नामों की सूची उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के पास भेज दी गई है और अंतिम निर्णय वही लेंगे।
ये भी पढ़े: अमरावती मनपा: 20 फरवरी को तय होंगे 8 स्वीकृत सदस्य और स्थायी समिति के नाम; पार्षदों में मची लॉबिंग की होड़!
भारतीय जनता पार्टी को सबसे अधिक सीटें मिलने वाली हैं, लेकिन पार्टी में स्थायी समिति की सदस्यता के लिए दावेदारों की संख्या भी सबसे ज्यादा है। एक दर्जन से अधिक इच्छुक पार्षदों में से 9 नामों का चयन करना पार्टी के लिए बड़ी चुनौती बन गया है। पार्टी सूत्रों के अनुसार, इस संदर्भ में कुंभ मेला मंत्री गिरीश महाजन का निर्णय अंतिम माना जाएगा। महाजन रविवार को नासिक पहुंचकर शहर के तीनों विधायकों, शहर अध्यक्ष और वरिष्ठ पदाधिकारियों के साथ बैठक कर नामों पर अंतिम मुहर लगाएंगे।