नासिक सिंहस्थ कुंभ में डिजिटल ट्विन तकनीक से होगी भीड़ और ट्रैफिक की निगरानी, आपदा से पहले मिलेगा अलर्ट

Nashik Kumbh Digital Twin: नासिक सिंहस्थ कुंभ 2027 के लिए डिजिटल ट्विन तकनीक की तैयारी शुरू। बाढ़, भीड़ और ट्रैफिक जाम का पूर्वानुमान लगाकर प्रशासन समय रहते कार्रवाई कर सकेगा।
Nashik Simhastha Kumbh 2027 Digital Twin Technology
नासिक सिंहस्थ कुंभ 2027 डिजिटल ट्विन तकनीकसोशल मीडिया
Published on: 
Updated on: 

Highlights

  • सिंहस्थ कुंभ के लिए डिजिटल ट्विन तकनीक अपनाने की तैयारी।

  • घाटों, सड़कों, पार्किंग और होल्डिंग एरिया की डिजिटल प्रतिकृति बनेगी।

  • बाढ़ के खतरे और श्रद्धालुओं के सुरक्षित स्थानांतरण की योजना पहले बनेगी।

  • भीड़ और वाहनों की संख्या के आधार पर जाम का पूर्वानुमान लगाया जाएगा।

  • पुलिस, मनपा और जिला प्रशासन के बीच साझा डिजिटल प्रणाली से समन्वय होगा।

Nashik Simhastha Kumbh 2027 Digital Twin Technology: सिंहस्थ कुंभ 2027 में भीड़, यातायात और आपदा प्रबंधन को बेहतर बनाने के लिए नासिक-त्र्यंबकेश्वर कुंभमेला प्राधिकरण डिजिटल ट्विन तकनीक के उपयोग की तैयारी कर रहा है। मंगलवार को आयोजित अंतरविभागीय कार्यशाला में घाटों, सड़कों, पार्किंग और होल्डिंग एरिया की डिजिटल प्रतिकृति तैयार करने पर चर्चा हुई। इससे संभावित बाढ़, भीड़ और ट्रैफिक जाम का पूर्वानुमान लगाकर समय रहते कार्रवाई की जा सकेगी।

कुंभ में डिजिटल ट्विन तकनीक की तैयारी

नासिक सिंहस्थ कुंभ मेला 2027 में लाखों श्रद्धालुओं की भीड़, यातायात और आपदा प्रबंधन को अधिक प्रभावी बनाने के लिए प्रशासन तकनीक का सहारा लेने जा रहा है। नासिक-त्र्यंबकेश्वर कुंभमेला प्राधिकरण की ओर से मंगलवार को डिजिटल ट्विन तकनीक के उपयोग पर अंतरविभागीय कार्यशाला आयोजित की गई।

इसमें भीड़ की स्थिति, श्रद्धालुओं की आवाजाही, उपलब्ध बुनियादी सुविधाओं और संभावित आपात परिस्थितियों की जानकारी एक ही डिजिटल प्रणाली पर उपलब्ध कराने की संकल्पना पर चर्चा हुई। इससे वास्तविक स्थिति पर नजर रखने के साथ संभावित समस्याओं का पहले ही अनुमान लगाकर संबंधित विभाग समन्वय से निर्णय ले सकेंगे।

Nashik Simhastha Kumbh 2027 Digital Twin Technology
शिवसेना विधायक अपात्रता मामला: कपिल सिब्बल ने सुप्रीम कोर्ट में शिंदे गुट को घेरा, व्हिप नियुक्ति पर उठाए सवाल

घाटों और सड़कों की बनेगी डिजिटल प्रतिकृति

डिजिटल ट्विन तकनीक के तहत कुंभमेले से जुड़े प्रमुख स्थानों, घाटों, मुख्य सड़कों, संकरी गलियों, वाहनतलों और होल्डिंग एरिया की आभासी प्रतिकृति तैयार करने की योजना है।

इसके आधार पर अलग-अलग स्थानों पर भीड़ का घनत्व, श्रद्धालुओं की गतिविधियां, यातायात प्रवाह और बुनियादी ढांचे पर पड़ने वाले संभावित दबाव का आकलन किया जा सकेगा। किसी एक स्थान पर समस्या आने से आसपास के क्षेत्रों पर क्या असर पड़ेगा, इसका भी पहले से विश्लेषण संभव होगा।

बाढ़ से पहले घाट खाली कराने की योजना

कार्यशाला में बाढ़ की स्थिति का उदाहरण देकर डिजिटल ट्विन तकनीक के उपयोग को समझाया गया। पिछले वर्षों के आंकड़ों और बांधों से छोड़े जाने वाले पानी की जानकारी को जोड़कर यह अनुमान लगाया जा सकेगा कि किन घाटों तक पानी पहुंचने का खतरा है।

इसके आधार पर संबंधित घाटों पर मौजूद श्रद्धालुओं की संख्या, उन्हें सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने में लगने वाला समय और उपलब्ध वैकल्पिक रास्तों का अध्ययन किया जा सकेगा। जरूरत पड़ने पर घाटों की ओर श्रद्धालुओं का प्रवेश नियंत्रित करने और सुरक्षित स्थानांतरण की योजना पहले से तैयार रखी जा सकेगी।

Nashik Simhastha Kumbh 2027 Digital Twin Technology
26 नवंबर विशेष: 77 साल का हो गया भारतीय संविधान, कहां और किस हालत में है संविधान की एतिहासिक मूल प्रति

भीड़ और ट्रैफिक जाम का मिलेगा पूर्वानुमान

होल्डिंग एरिया से घाटों की ओर भेजे जाने वाले श्रद्धालुओं और घाटों पर मौजूद भीड़ के बीच तालमेल रखना भी महत्वपूर्ण होगा। इसी तरह वाहनतलों की क्षमता और वहां पहुंचने वाले वाहनों की संख्या की तुलना कर यह पता लगाया जा सकेगा कि वाहनों की कतारें मुख्य सड़कों तक पहुंचने की आशंका है या नहीं।

यदि किसी घाट को बंद करना पड़े, तो बस सेवा, वाहनतलों और आसपास के यातायात पर पड़ने वाले प्रभाव का आभासी यानी ‘व्हॉट इफ’ विश्लेषण करने की योजना भी कार्यशाला में रखी गई।

मौजूदा सिस्टम का होगा बेहतर उपयोग

अतिवृष्टि, बांधों से पानी छोड़े जाने, घाटों पर बाढ़, आग या विस्फोट जैसी आपात स्थितियों में भी इस प्रणाली के उपयोग पर चर्चा हुई। नई व्यवस्था खड़ी करने के बजाय प्रशासन के पास पहले से उपलब्ध सीसीटीवी नेटवर्क, इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर (ICCC) और विभिन्न विभागों की सूचना प्रणालियों का प्रभावी उपयोग करने पर जोर दिया गया।

प्रणाली के माध्यम से संबंधित अधिकारियों को परिस्थिति के अनुसार सूचना और अलर्ट भेजने का प्रस्ताव है। समय पर कार्रवाई नहीं होने पर वरिष्ठ अधिकारियों तक जानकारी पहुंचाने की व्यवस्था भी विकसित करने पर विचार किया गया।

वरिष्ठ अधिकारी कार्यशाला में रहे मौजूद

कार्यशाला में पुलिस आयुक्त संदीप कर्णिक, कुंभमेला आयुक्त शेखर सिंह, मनपा आयुक्त मनीषा खत्री, जिलाधिकारी आयुष प्रसाद, नासिक ग्रामीण के पुलिस अधीक्षक डॉ. डी.एस. स्वामी, अतिरिक्त आयुक्त कमलाकर रणदिवे और उदय किसवे, मनपा के अतिरिक्त आयुक्त निलेश भदाणे तथा पुलिस उपायुक्त किरण चव्हाण सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और विशेषज्ञ सलाहकार उपस्थित थे।