BJP का नासिक में शक्ति प्रदर्शन, शरद पवार को दिया करारा झटका, गिरीश महाजन के बयान से मचा सियासी बवाल

Ramdas Charoskar Joins BJP: नासिक में पूर्व विधायक रामदास चारोस्कर और उनकी पत्नी सुनीता चारोस्कर ने शरद पवार की एनसीपी छोड़कर भाजपा का दामन थामा। मंत्री गिरीश महाजन के बयान से राजनीतिक हलचल तेज।
nashik-ramdas-charoskar-joins-bjp
भाजपा में प्रवेश करते रामदास चारोस्कर (सोर्स: सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Girish Mahajan Statement: स्थानीय निकाय चुनावों से पहले भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने नासिक में शरद पवार की राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी को बड़ा झटका दिया है। दिंडोरी के पूर्व विधायक रामदास चारोस्कर और उनकी पत्नी सुनीता चारोस्कर ने भाजपा में प्रवेश कर लिया है। सुनीता चारोस्कर ने हाल ही में हुए विधानसभा चुनाव में अजित पवार गुट के विधायक नरहरी झिरवाल के खिलाफ चुनाव लड़ा था।

महाजन के बयान से राजनीतिक गलियारों में हलचल

चारोस्कर के भाजपा में शामिल होते ही मंत्री गिरीश महाजन ने एक बड़ा बयान दिया है, जिससे राजनीतिक गलियारों में चर्चाएं गर्म हो गई हैं। दिंडोरी विधानसभा में महायुति के घटक दल अजित पवार गुट के नरहरी झिरवाल वर्तमान विधायक हैं। फिर भी महाजन ने मंच से कहा कि दिंडोरी में अगली बार भाजपा का विधायक दीजिए। उन्होंने रामदास चारोस्कर को मजाकिया लहजे में यह भी कहा कि रामदास चारोस्कर साहब यह आपका आखिरी प्रवेश है, अब कहीं मता जाइएगा। ₹ महाजन ने कहा कि भाजपा देश की सबसे बड़ी पार्टी है और लोगों को मोदी पर भरोसा है। उन्होंने कहा कि भाजपा सामान्य लोगों की पार्टी है, इसमें कोई परिवारवाद नहीं है। यहां सभी को मौका मिलेगा, श्रद्धा और सबूरी (धैर्य) रखें।

राऊत पर निशाना, 'वो सुबह का भोंगा है'

गिरीश महाजन ने संजय राउत पर निशाना साधते हुए कहा कि वो सुबह का भोंगा है। अब बंद हो गया है। मैं ज्यादा नहीं बोलता, उन्हें मेरी शुभकामनाएं। महाजन ने नासिक के कई हिस्सों में बारिश से किसानों को हुए नुकसान पर कहा कि सरकार 32 हजार करोड़ रुपये की मदद दे रही है और किसानों के साथ मजबूती से खड़ी है। उन्होंने चारोस्कर दंपति से आगामी जिला परिषद, पंचायत समिति चुनावों के लिए काम शुरू करने और 'चमत्कार' करके सभी उम्मीदवारों को जिताने का आह्वान किया।

भाजपा में प्रवेश के बाद रामदास चारोस्कर ने कहा कि उन्हें 1995 से 2004 तक 2 बार दिंडोरी की जनता ने काम करने का अवसर दिया। उन्होंने कहा कि तालुके में सड़कों की हालत गंभीर है और युवाओं के रोजगार का मुद्दा बड़ा है। उन्होंने कहा कि हमें सभी समस्याओं को हल करने के लिए भाजपा ही एकमात्र विकल्प लगी, और इसीलिए हम आज प्रवेश कर रहे हैं।

अजित पवार गुट नाराज

दिंडोरी और सिन्नर विधानसभा क्षेत्रों में सोमवार को विधानसभा चुनाव में पराजित हुए उम्मीदवारों को भाजपा में प्रवेश दिए जाने के बाद सहयोगी दल अजित पवार गुट में नाराजगी फैल गई है। इन दोनों विधानसभा क्षेत्रों में अजित पवार गुट के वर्तमान विधायक और मंत्री हैं।

राज्य में महायुति की सरकार होते हुए भी भाजपा ने सीधे तौर पर अजित पवार गुट के विधायकों के सामने चुनाव में दूसरे स्थान पर रहे विरोधी उम्मीदवारों (सुनीता चारोस्कर और उदय सांगले) को पार्टी में शामिल कर लिया।

इस कदम से भले ही अजित पवार गुट में नाराजगी है, लेकिन इस पर कोई खुलकर बोलना नहीं चाहता। राजनीतिक विश्लेषकों का कहना है कि दिंडोरी और सिन्नर में भाजपा की शक्ति अपेक्षाकृत कमजोर थी। इसलिए स्थानीय स्वराज संस्था चुनावों को ध्यान में रखकर यह प्रवेश करवाया गया है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com