नासिक में वोटिंग के बीच हाई-वोल्टेज ड्रामा, पैसे बांटने के शक पर भिड़े उम्मीदवार, पुलिस ने किया लाठीचार्ज

Nashik News: नासिक महानगरपालिका चुनाव के दौरान सिडको प्रभाग 25 में पैसे बांटने के आरोप को लेकर बवाल मच गया। निर्दलीय और शिवसेना उम्मीदवार आमने-सामने आए, हालात बिगड़ने पर पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा।
Nashik Municipal Election CIDCO Ward 25 Voting Money Distribution Allegation Police Lathicharge
नासिक महानगरपालिका (सोर्स: सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

Nashik Election Violence: नासिक महानगरपालिका चुनाव के मतदान के दौरान सिडको के प्रभाग संख्या 25 में गुरुवार को हाई-वोल्टेज ड्रामा देखने को मिला। सावतानगर इलाके में एक कार्यालय में पैसे बांटे जाने के संदेह को लेकर निर्दलीय उम्मीदवार और शिवसेना (शिंदे गुट) के उम्मीदवार आमने-सामने आ गए, जिससे इलाके में तनाव का माहौल बन गया। स्थिति को नियंत्रण से बाहर जाने से रोकने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा।

प्रभाग 25 में मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्वक चल रही थी, तभी सावतानगर स्थित एक कार्यालय में पैसे बांटे जाने की चर्चा फैल गई। इस सूचना के बाद निर्दलीय उम्मीदवार मुकेश शहाणे अपने समर्थकों के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। जब उन्होंने उस कार्यालय में जाने की कोशिश की, तो पुलिस ने उन्हें रोक लिया और एहतियातन हिरासत में लेकर वाहन में बैठा दिया। हालांकि, कुछ समय बाद उन्हें छोड़ दिया गया।

उम्मीदवारों के बीच तीखी नोकझोंक

मुकेश शहाणे को हिरासत में लिए जाने की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौके पर जमा हो गए। इसी दौरान शिवसेना (शिंदे गुट) के उम्मीदवार एडवोकेट अतुल सानप भी अपने समर्थकों के साथ वहां पहुंच गए। दोनों पक्षों के कार्यकर्ताओं के बीच जोरदार नारेबाजी और तीखी बहस हुई, जिससे कुछ समय के लिए इलाके में भय और तनाव का माहौल बन गया। स्थिति बिगड़ती देख पुलिस ने तुरंत अतिरिक्त बल तैनात किया। भीड़ को तितर-बितर करने और विवाद को शांत करने के लिए पुलिस ने लाठीचार्ज किया। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद कार्यकर्ता मौके से हट गए और किसी बड़े हादसे को टाल लिया गया। इलाके में भारी पुलिस बंदोबस्त तैनात किया गया और स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है।

पूर्व पार्षद की गाड़ी से नकदी जब्त

नासिक के प्रभाग संख्या 17 के पूर्व पार्षद दिनकर आढाव जिस फॉर्च्युनर गाड़ी में सवार थे, उस वाहन से चुनाव आयोग की फ्लाइंग स्क्वॉड टीम ने नकद राशि बरामद की है। यह कार्रवाई चुनाव के दौरान पैसे बांटे जाने की आशंका के चलते की गई। प्रशासन ने संबंधित फॉर्च्युनर वाहन को जब्त कर लिया है।

Navbharat Live
navbharatlive.com