Nashik Municipal Corporation reshuffle (सोर्सः सोशल मीडिया)
Nashik Civic Administration Changes: नासिक महानगरपालिका में प्रशासनिक कामकाज को अधिक सुचारू और व्यवस्थित करने के उद्देश्य से उपायुक्त संवर्ग के अधिकारियों के कार्यभार में बड़े पैमाने पर फेरबदल किया गया है। मनपा आयुक्त मनीषा खत्री के निर्देशानुसार यह आदेश जारी किया गया है, जिसे तत्काल प्रभाव से लागू करने के निर्देश दिए गए हैं।
नए आदेश के अनुसार, अजित निकत को कर विभाग (एलबीटी, संपत्ति कर, जल कर) और संपत्ति विभाग की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। इससे पहले ये विभाग सुवर्णा दखणे के पास थे। अब सुवर्णा दखणे को अतिक्रमण विभाग, विज्ञापन एवं लाइसेंस विभाग, सूचना एवं प्रौद्योगिकी (आईटी) विभाग, सुरक्षा विभाग, स्लम विभाग और राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन (एनयूएलएम) विभागों का कार्यभार सौंपा गया है।
ये भी पढ़े: घातक रसायनों के परिवहन के लिए बनेगी एसओपी, हाईवे पर सुरक्षा होगी चाक-चौबंद: सीएम
इसके अतिरिक्त, संगीता नांदुरकर के पास रहे अतिक्रमण और आईटी विभाग का प्रभार भी अगले आदेश तक सुवर्णा दखणे को ही सौंप दिया गया है। वहीं, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन विभाग की जिम्मेदारी अस्थायी रूप से चिकित्सा अधिकारी डॉ. आवेश पलोड को दी गई है।
आदेश में स्पष्ट रूप से उल्लेख किया गया है कि संबंधित अधिकारियों को सभी प्रशासनिक दस्तावेज, महत्वपूर्ण फाइलें, चाबियां, कंप्यूटर आईडी और ई-प्रणाली के पासवर्ड आधिकारिक रिकॉर्ड के साथ हस्तांतरित करने होंगे। इन आदेशों की प्रविष्टि संबंधित अधिकारियों की सेवा पुस्तिका में भी दर्ज करने के निर्देश दिए गए हैं। महानगरपालिका के संवेदनशील विभागों में हुए इस फेरबदल से प्रशासन में बेहतर समन्वय और कार्यों में गति आने की अपेक्षा व्यक्त की जा रही है।