Durgadevi yatra clash (सोर्सः सोशल मीडिया)
Stone Pelting Incident Nashik: मालेगांव तहसील के टोकडे गांव में आयोजित दुर्गादेवी यात्रा उत्सव के दौरान उस समय हड़कंप मच गया, जब तमाशा कार्यक्रम के बीच 2 गुटों में हिंसक झड़प हो गई। आधी रात को हुए इस विवाद में जमकर पथराव हुआ और धारदार हथियारों का इस्तेमाल किया गया।
इस खूनी संघर्ष में 8 से 10 नागरिकों के घायल होने की प्राथमिक जानकारी मिली है, जिससे पूरे गांव में दहशत का माहौल है। घटना शनिवार 28 मार्च रात की है। गांव में रामनवमी के अवसर पर 26 मार्च से यात्रा उत्सव की शुरुआत हुई थी। बताया जा रहा है कि उत्सव के पहले दिन आयोजित तमाशा कार्यक्रम में किसी बात को लेकर विवाद हुआ था।
इसी विवाद ने शनिवार की रात हिंसक रूप ले लिया। उपद्रवियों ने न केवल मारपीट की, बल्कि गांव के 2 घरों और कुछ वाहनों में भी तोड़फोड़ की। हमले के बाद कार्यक्रम स्थल पर अफरा-तफरी मच गई और स्थिति को देखते हुए तमाशा तुरंत बंद करना पड़ा। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस पाटिल ने मालेगांव तहसील पुलिस को सूचित किया, जिसके बाद पुलिस बल मौके पर पहुंचा।
पुलिस ने घटनास्थल से कुछ धारदार हथियार बरामद किए हैं। इस मामले में राजेंद्र बहादुरसिंह डिंगर (55) की शिकायत पर छोटू माली, सुनील माली, किशोर माली और अर्जुन सोनवणे सहित 12 नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
ये भी पढ़े: संकट में किसान! उत्तर महाराष्ट्र की बिगड़ती हालत, सांसद शोभा बच्छाव ने संसद में की ‘विशेष पैकेज’ की मांग
पुलिस ने अब तक 5 संदिग्धों को हिरासत में ले लिया है। हमले के बाद से गांव में तनावपूर्ण शांति बनी हुई है। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है। घायल नागरिकों का उपचार स्थानीय अस्पताल में चल रहा है। प्रशासन ने नागरिकों से शांति बनाए रखने की अपील की है और एहतियात के तौर पर गांव में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।