प्रतीकात्मक तस्वीर (सोर्स: सोशल मीडिया)
Malegaon Fake Currency Racket: महाराष्ट्र के मालेगांव में नकली नोटों को चलन में लाने की एक बड़ी साजिश का पर्दाफाश हुआ है। पुलिस जांच में अब यह सामने आया है कि इसमें एक विशाल रैकेट कार्यरत है। राष्ट्रीय महामार्ग पर गश्ती दल ने मध्य प्रदेश के दो लोगों को रंगेहाथ पकड़ा, जिसके बाद इस पूरे धंधे का तार खुलता चला गया।
मालेगांव में चार दिन पहले पुलिस की सतर्कता के चलते पांच सौ रुपये की दस लाख रुपये की नकली नोटों को चलन में लाने का एक बड़ा प्रयास विफल हो गया था। गश्ती दल ने राष्ट्रीय महामार्ग पर एक होटल के पास से मध्य प्रदेश के दो व्यक्तियों को नकली नोटों की बिक्री के उद्देश्य से आने पर रंगेहाथ पकड़ा।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान नाजीर आक्रमक मोहम्मद अयूब अंसारी (34) और मोहम्मद जुबेर मोहम्मद अश्रफ अंसारी (33) के रूप में हुई है। इन दोनों की तलाशी लेने पर उनके पास से पांच सौ रुपये की दो हजार बनावटी नोटें मिली थीं। दस लाख रुपये की इन नकली नोटों को चलन में लाने के प्रयास के आरोप में पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया है। उन्हें 8 दिनों की पुलिस कोठरी में भेजा गया है।
पुलिस ने जब यह जांच शुरू की कि ये नकली नोटें किसके माध्यम से चलन में लाई जानी थीं, तो मालेगांव के तौसिफ अंजुम अंसारी (36) का नाम सामने आया। पकड़े गए संदिग्धों ने पुलिस को जानकारी दी कि दिवाली के दौरान तौसिफ को पांच सौ रुपये की छह लाख रुपये की नकली नोटें चलन में लाने के लिए बेची गई थीं।
इस सूचना के आधार पर पुलिस ने तौसिफ को भी गिरफ्तार कर लिया है और यह जांच कर रही है कि उसने ये बनावटी नोटें किस प्रकार चलन में लाई और इस धंधे में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।
यह भी पढ़ें:- कौन बनेगा महाराष्ट्र का अगला DGP? NIA प्रमुख समेत 7 IPS शॉर्टलिस्ट, सदानंद दाते रेस में सबसे आगे
जांच में यह बड़ा खुलासा हुआ कि गिरफ्तार किए गए आरोपियों में से मोहम्मद जुबेर एक मौलाना है और वह मध्य प्रदेश के बुरहानपुर का निवासी है। चौंकाने वाली बात यह है कि तीन महीने पहले ही जुबेर खंडवा जिले के पैठिया गांव की मस्जिद में इमाम के रूप में नियुक्त हुआ था। वह मदरसे में बच्चों को धार्मिक शिक्षा भी देता था।
जब मालेगांव पुलिस द्वारा मौलाना मोहम्मद जुबेर को गिरफ्तार किए जाने की खबर पैठिया गांव में वायरल हुई, तो स्थानीय लोगों के सामने मौलाना के कारनामे आए।
मालेगांव पुलिस और स्थानीय लोगों ने जावर पुलिस को इसकी सूचना दी, जिसके बाद मध्य प्रदेश पुलिस ने मौलाना के घर पर छापा मारा। सूत्रों के अनुसार, मौलाना के घर से पांच सौ रुपये की 19 लाख 78 हजार की बनावटी नोटें बरामद हुईं।
उपनिरीक्षक तुधार भदाने जिला पुलिस प्रमुख बालासाहेब पाटिल और अप्पर पोलीस अधीक्षक तेगबीर सिंग संधू के मार्गदर्शन में आगे की जांच कर रहे हैं। पुलिस को संदेह है कि इस धंधे में कई और लोग शामिल हो सकते हैं, जिसकी व्याप्ति बड़ी है।