नासिक में कुंभमेले के विकास कार्यों के बीच यातायात संकट; सड़क पर बेतरतीब ऑटो खड़े करने वाले 5 चालकों पर केस
Nashik Traffic News: नासिक में सिंहस्थ कुंभमेले के कार्यों के बीच यातायात बाधित करने और सड़क पर बेतरतीब ऑटो खड़ा करने के आरोप में पंचवटी पुलिस ने 5 ऑटो चालकों पर मामला दर्ज किया है।
- Written By: रूपम सिंह
यातायात संकट (सोर्स- सोशल मीडिया)
Nashik Kumbh Mela Illegal Auto Parking: आगामी सिंहस्थ कुंभमेले के मद्देनजर नासिक शहर में बुनियादी ढांचागत विकास कार्य युद्ध स्तर पर जारी हैं। लेकिन इन विकास कार्यों के लिए की जा रही सड़क खुदाई के कारण शहर के मुख्य मार्गों पर यातायात का दवाव अत्यधिक बढ़ गया है, जिससे वाहन चालकों को रोजाना भारी मशक्कत करनी पड़ रही है। इसी बीच, सड़कों पर होने वाली बेतरतीब पार्किंग की समस्या ने यातायात व्यवस्था को और अधिक गंभीर बना दिया है।
ट्रैफिक में बाधा बन रहे ऑटो चालकों पर एक्शन
सिंहस्थ कुंभ मेले के लिए सड़क चौड़ीकरण, पाइल लाइन बिछाने और विभिन्न मरम्मत कार्य हर जगह चल रहे है। कई मुख्य मार्गों पर खुदाई के कारण सड़कों की चौड़ाई आधी रह गई है। ऐसी स्थिति में, सड़कों के किनारे या नौ पार्किंग क्षेत्रों में गैर-जिम्मेदाराना तरीके से खड़े किए गए वाहन यातायात के रास्ते को और संकरा कर देते हैं। इसके चलते सुबह और शाम के समय स्कूली बच्चों और दफ्तर जाने वाले लोगों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है।
सड़कों पर इसी बेतरतीब पार्किंग पर लगाम लगाने के लिए पुलिस ने अब आक्रामक रुख अपनाया है। इसी के तहत, पंचवटी के दिंडोरी नाका क्षेत्र में सार्वजनिक सड़क के बीचों-बीच ऑटो खड़े कर यातायात में बाधा उत्पन्न करने वाले 5 ऑटो चालकों के खिलाफ पंचवटी पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया है। यह कार्रवाई 30 मई की शाम 5 से 6 बजे के बीच की गई। इसमें बॉबी सुधाकर जगताप (25), प्रसाद बालासाहेब धनगर (22), देवराज जगदीश चव्हाण (20), अय्यूब दिलशाद शेख (35) और शरद संतोष गुप्ता (38) ने अपने ऑटो सड़क के बीच में खड़े किए थे।
सम्बंधित ख़बरें
पहले प्रेमिका की चाकू मारकर की हत्या, फिर पेड़ से लटककर की खुदकुशी, लिव-इन पार्टनर्स की कहानी का खौफनाक अंत
नासिक में दिल दहला देने वाली वारदात! एकतरफा प्यार में 20 साल की छात्रा की चाकू घोंपकर बेरहमी से हत्या
नासिक निफाड में बाढ़ का तांडव, हजारों हेक्टेयर फसलें जलमग्न; संकट में घिरे तटीय इलाकों के किसान
एसटी महामंडल का बड़ा एक्शन: नासिक में निलंबित 12 अफसरों की जगह नई नियुक्तियां, महकमे में मचा हड़कंप
यातायात नियमों का कड़ाई से हो पालन
इस लापरवाही के कारण अन्य वाहनों के लिए खतरा पैदा हो गया था। पुलिस हवालदार जाधव की शिकायत पर इन सभी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 285 और मोटर वाहन अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस ने चेतावनी दी है कि नासिक शहर की यातायात व्यवस्था को बिगाड़ने वाले ऐसे गैर-जिम्मेदार तत्वों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
सिंहस्थ कुंभ मेले के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए नागरिकों और वाहन चालकों के लिए यातायात नियमों का पालन करना अब बेहद अनिवार्य हो गया है।
