CM Fadnavis Nashik visit (सोर्सः सोशल मीडिया)
Namokar Teerth Chandwad: नासिक जिले के चांदवड़ तालुका स्थित मालसाणे में आयोजित भव्य ‘णमोकार तीर्थ पंचकल्याणक महोत्सव’ का रविवार, 8 फरवरी को तीसरा दिन है। इस अवसर पर ‘जन्मकल्याणक (पूर्वार्ध)’ समारोह अत्यंत उत्साह के साथ मनाया जाएगा। इस मांगलिक प्रसंग पर राज्य के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। उनके साथ कैबिनेट मंत्री गिरीश महाजन, छगन भुजबल, नरहरि झिरवाल और विधायक डॉ. राहुल आहेर की भी गरिमामयी उपस्थिति रहेगी।
महोत्सव के विशेष अनुष्ठानों में प्रशासनिक और राजनीतिक जगत की कई प्रमुख हस्तियां शामिल होंगी। मुख्यमंत्री और मंत्रियों के हाथों विशेष पूजा संपन्न होगी। विधायक डॉ. राहुल आहेर, जीएसटी कमिश्नर सुमेर काले और उपनगराध्यक्ष भूषण कासलीवाल के मार्गदर्शन में कार्यक्रम का सूक्ष्म नियोजन किया गया है। प्रशासन की ओर से सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए हैं। तड़के 6:30 बजे से यज्ञशाला में अभिषेक और शांतिहवन के साथ दिन की शुरुआत होगी।
इससे पूर्व गणधराचार्य कुंथुसागरजी महाराज, सारस्वताचार्य देवनंदिजी महाराज सहित अनेक मुनिराजों के सानिध्य में भव्य ‘जैनैश्वरी दीक्षा’ कार्यक्रम संपन्न हुआ। बाल ब्रह्मचारी मोनिका दीदी, निधि दीदी, सरला पांडे, रमा दीदी और जीवनलाल जैन ने संसार का त्याग कर संयम पथ पर कदम रखा।
दीक्षार्थियों की भव्य शोभायात्रा के पश्चात आर्यिका माताजी के सानिध्य में ‘केशलोचन’ की विधि संपन्न हुई। इस भावुक दृश्य के दौरान संगीतकार रूपेश जैन द्वारा प्रस्तुत कारुणिक गीतों से उपस्थित जनसमूह की आंखें नम हो गईं। मंत्रोच्चार के बीच सभी आभूषणों और सांसारिक वस्तुओं का त्याग कर दीक्षा प्रदान की गई।
ये भी पढ़े: ‘मेरा वोट किसने डाला?’ पुणे के जुन्नर में बोगस वोटिंग देख भड़के युवा, मतदान केंद्रों पर भारी तनाव
कार्यक्रम का कुशल संचालन बाल ब्रह्मचारी वैशाली दीदी ने किया।