

Dindori Railway Issues Raise By MP Bhagre: नासिक जिले के दिंडोरी लोकसभा क्षेत्र के लंबे समय से लंबित रेलवे मुद्दों को लेकर सांसद भास्करराव भगरे ने कड़ा रुख अपनाते हुए रेलवे प्रशासन से जवाब तलब किया।
जनता के मुद्दों पर बार-बार फॉलो-अप करने के बावजूद अपेक्षित कार्रवाई न होने पर उन्होंने गहरी नाराजगी व्यक्त की। भुसावल मंडल के डीआरएम के रवैये पर आपत्ति जताते हुए बैठक में जानकारी दी गई कि उनके खिलाफ विशेषाधिकार हनन का प्रस्ताव पेश किया गया है।
बैठक में सांसद भगरे ने मनमाड-कुर्ला गोदावरी एक्सप्रेस को पुनः मनमाड से ही शुरू करने की मांग की। उन्होंने मनमाड रेलवे वर्कशॉप में खाली पड़े पदों पर तुरंत भर्ती कर स्थानीय युवाओं को रोजगार देने तथा वर्कशॉप का विस्तार कर नए प्रोजेक्ट लाने का मुद्दा उठाया।
नांदगांव रेलवे स्टेशन पर झेलम एक्सप्रेस (11077/11078) और अमरावती एक्सप्रेस (11025/11026) के ठहराव की मांग की गई। इसके साथ ही लासलगांव स्टेशन पर देवगिरी एक्सप्रेस, शालीमार एक्सप्रेस, जनता एक्सप्रेस, मुंबई-हावड़ा मेल, राज्यरानी एक्सप्रेस, जनशताब्दी एक्सप्रेस और मनमाड-इगतपुरी शटल को दोबारा स्टॉपेज देने का आग्रह किया।
यात्रियों की सुविधा के लिए लासलगांव स्टेशन पर एस्केलेटर या लिफ्ट लगाने की भी मांग रखी गई। सांसद भास्करराव भगरे ने मनमाड-इंदौर रेल लाइन के लिए भूमि अधिग्रहण प्रक्रिया में तेजी लाने पर जोर दिया, ताकि क्षेत्र के औद्योगिक और कृषि विकास को गति मिल सके।
इसके अलावा, नांदगांव तहसील के चाकली और कोटमगांव क्षेत्रों में किसानों के लिए संपर्क मार्ग उपलब्ध कराने तथा मोरखेड़-आज़ादनगर-क्रांतिनगर मार्ग पर बंद किए गए रेलवे क्रॉसिंग की जगह अंडरपास या सबवे बनाने की मांग की।
साथ ही नांदगांव-इगतपुरी के बीच मेमू ट्रेन सेवा शुरू करने, निफाड, कासबे सुकेने और खेरवाड़ी स्टेशनों का विकास करने तथा निफाड में सभी ट्रेनों को ठहराव देने का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया। सांसद भगरे ने स्पष्ट किया कि दिंडोरी के रेलवे मुद्दे केवल कागजों तक सीमित न रहें, बल्कि उन पर प्रत्यक्ष कार्रवाई हो।
मध्य रेलवे के नागपुर और भुसावल मंडलों की रेलवे समिति की बैठक समिति के अध्यक्ष सांसद अनुप धोत्रे की अध्यक्षता में नागपुर में संपन्न हुई। इस अवसर पर सांसद अनिल बोंडे, बलवंत वानखेड़े, स्मिता वाघ, प्रतिभा धानोरकर, ज्ञानेश्वर पाटिल, दुर्गादास उइके, श्यामकुमार बर्वे तथा मध्य रेलवे के महाप्रबंधक राजेश श्रीवास्तव सहित वरिष्ठ रेलवे अधिकारी मौजूद थे।