

Devendra Fadnavis Nashik Review Meeting: आगामी नासिक-त्र्यंबकेश्वर महासिंहस्थ कुंभ मेला 2027 की तैयारियों के बीच नासिक शहर की जर्जर सड़कों और जानलेवा गड्ढों को लेकर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस का गुस्सा फूट पड़ा है। कुंभ मेले के नाम पर शहर भर में चल रही खुदाई और घटिया सड़क निर्माण के कारण अब तक पांच नागरिकों की जान जा चुकी है, जिससे जनता में भारी आक्रोश व्याप्त है।
बढ़ते जन-असंतोष का कड़ा संज्ञान लेते हुए मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मुंबई में संबंधित विभागों और नासिक प्रशासन के उच्च अधिकारियों की एक आपातकालीन समीक्षा बैठक बुलाई और अधिकारियों को जमकर फटकार लगाई।
समीक्षा बैठक के दौरान मुख्यमंत्री फडणवीस ने सख्त लहजे में अधिकारियों से कहा कि गड्ढे भरने में कोताही बरतने वाले ठेकेदारों और जिम्मेदार एजेंसियों पर तुरंत भारी जुर्माना लगाया जाना चाहिए तथा उनके आगे के काम रोक दिए जाने चाहिए।
उन्होंने कहा, "जनता को बहानेबाजी मत दीजिए, उन्हें काम से संतुष्टि चाहिए। अधिकारी एसी दफ्तरों में बैठने के बजाय आपस में समन्वय बैठाकर सड़कों पर उतरें। अगर अरबों रुपये खर्च करने के बाद भी जनता में गुस्सा है, तो आत्मनिरीक्षण कीजिए कि गलती कहां हो रही है। अगले एक महीने में जब मैं दोबारा समीक्षा बैठक करूंगा, तो मुझे काम की गुणवत्ता में जमीन-आसमान का सुधार दिखना चाहिए।"
बैठक के बाद राज्य के मंत्री गिरीश महाजन ने प्रतिक्रिया देते हुए बताया कि महाकुंभ के लिए लगभग 40,000 करोड़ के विकास कार्य किए जा रहे हैं। इसमें आउटर रिंग रोड जैसी प्रमुख परियोजनाएं शामिल हैं।
महाजन ने बताया कि इस बार कुंभ मेले में करीब 10 से 12 करोड़ श्रद्धालुओं के आने का अनुमान है, जिसे ध्यान में रखते हुए सुरक्षा, नागरिक सुविधाओं और हरित क्षेत्रों (Green Belts) के विकास को प्राथमिकता दी जा रही है। उन्होंने सड़कों के कारण आम जनता को हुई असुविधा पर खेद भी व्यक्त किया और आश्वासन दिया कि काम में तेजी लाई जा रही है।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं के स्वागत से पहले नासिक शहर की अंदरूनी और बाहरी सभी सड़कों को तुरंत दुरुस्त किया जाए। सभी विभागों को आपसी तालमेल के साथ 24 घंटे काम करने और एक महीने के भीतर सड़कों को पूरी तरह गड्ढा मुक्त करने के कड़े आदेश जारी किए गए हैं। सरकार के इस सख्त रुख के बाद अब प्रशासनिक गलियारों में हड़कंप मच गया है।