Yevla Niphad water supply (सोर्सः सोशल मीडिया)
Yeola Niphad Water Supply: आगामी गर्मी के मौसम को ध्यान में रखते हुए येवला और निफाड़ तहसील में पानी की किल्लत दूर करने के लिए ठोस नियोजन किया जाए। साथ ही निर्वाचन क्षेत्र में जारी सभी विकास कार्यों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरा किया जाए। यह निर्देश राज्य के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री छगन भुजबल ने दिए। वे येवला स्थित अपने संपर्क कार्यालय में विभिन्न विभागों की समीक्षा बैठक को संबोधित कर रहे थे।
मंत्री भुजबल ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जिन गांवों में पानी की किल्लत होने की संभावना है, वहां मांग के अनुसार टैंकरों का नियोजन पहले से ही कर लिया जाए। उन्होंने पुणेगांव-दरसवाडी नहर के शेष कार्यों को 31 मार्च तक हर हाल में पूरा करने और स्वीकृत गेटों का काम शुरू करने पर जोर दिया। इसके साथ ही येवला, राजापुर, धूलगांव और विंचूर-लासलगाव सहित विभिन्न क्षेत्रीय जलापूर्ति योजनाओं की प्रगति की समीक्षा भी की गई।
बैठक में किसानों के हितों को प्राथमिकता देते हुए निर्देश दिए गए कि मक्का की न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) पर खरीद का उचित नियोजन किया जाए। साथ ही ‘मुख्यमंत्री बळीराजा शेत पाणंद’ सड़क कार्यों को किसानों के साथ समन्वय स्थापित कर हल करने को कहा गया।
बुनियादी ढांचे के विकास के अंतर्गत विंचूर-लासलगाव सड़क, पिंपल्स-येवला फोरलेन कंक्रीट सड़क और भरवस फाटा-कोपरगांव सीमा सड़क के कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए गए। इस समीक्षा बैठक में उपविभागीय अधिकारी बाबासाहेब गाढवे, निफाड़ तहसीलदार विशाल नायकवाड़े, येवला कार्यवाहक तहसीलदार पंकज नेवसे, मुख्य नगर पालिका अधिकारी तुषार आहेर सहित पुलिस प्रशासन और विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।